Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय महिला टीम का सफलता सूत्र, एक बार में एक मैच पर ध्यान केंद्रित करना: Deepti Sharma

July 24, 2024

भारतीय महिला टीम का सफलता सूत्र, एक बार में एक मैच पर ध्यान केंद्रित करना: Deepti Sharma

दाम्बुला: सीनियर खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने कहा कि महिला टी20 एशिया कप में भारतीय टीम का सफलता का सूत्र एक बार में एक मैच पर ध्यान केंद्रित करना है, क्योंकि जब टीम पिछली बार यहां खेली थी तब से लेकर अब तक परिस्थितियों में कोई विशेष बदलाव नहीं आया है। भारत ने ग्रुप ए के अंतिम मैच में मंगलवार को नेपाल को 82 रन से करारी शिकस्त दीजिए। इस मैच में शेफाली वर्मा ने 48 गेंद पर 81 रन की तूफानी पारी खेली थी जबकि दीप्ति ने 13 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 178 रन बनाए और इसके बाद नेपाल को निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 98 रन पर रोक दिया था। दीप्ति ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘हम पहले मैच से ही प्रत्येक मैच और प्रत्येक परिस्थिति को लेकर काफी आश्वस्त हैं। अब हमारी निगाह सेमीफाइनल पर है।’’ भारतीय टीम इससे पहले जून 2022 में यहां खेली थी और दीप्ति ने कहा कि तब से लेकर अब तक परिस्थितियों में कोई खास बदलाव नहीं आया है।

उन्होंने कहा,‘‘कुछ भी नहीं बदला है। हमने इसे सरल बनाए रखा है और हमारा ध्यान केवल अगले मैच पर केंद्रित रहता है। मैं पिछली बार भी यहां खेली थी और तब से कोई बदलाव नहीं आया है। हमें खुद पर भरोसा है और परिस्थितियां पहले जैसी हैं।’’ इस ऑफ़ स्पिनर ने अभी तक तीन मैच में 8 विकेट लिए हैं और उन्होंने कहा कि वह किसी भी तरह की स्थिति में गेंदबाजी करने के लिए तैयार रहती हैं। दीप्ति ने कहा,‘‘मैं किसी भी तरह की स्थिति में गेंदबाजी करने के लिए हमेशा तैयार रहती हूं। मुझे चुनौतियों का सामना करना पसंद है। मैं इनका पूरा लुत्फ उठाती हूं। गेंदबाजी इकाई के रूप में हमने अभी तक वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है।’’ भाषा पंत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें