
बेंगलूर: शानदार फॉर्म में चल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर का सामना आईपीएल के मैच में दिल्ली कैपिटल्स से होगा तो सभी की नजरें विराट कोहली और मिचेल स्टार्क की टक्कर पर लगी होंगी। दिल्ली ने अब तक तीनों मैच जीते हैं जबकि आरसीबी ने 4 में से 3 मैच में जीत दर्ज की है। दोनों टीमें हालात और विरोधी टीम के अनुकूल खुद को ढालने में कामयाब रही हैं। आरसीबी ने कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में जीत दर्ज की और एकमात्र पराजय उसे चिन्नास्वामी स्टेडियम पर गुजरात टाइटंस के हाथों झेलनी पड़ी।
हार की वजह हालांकि टीम की कोई कमी नहीं रही बल्कि चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच ने उसे हैरान कर दिया। विशाखापत्तनम और चेन्नई जैसी अलग-अलग पिचों पर जीत दर्ज करके आई दिल्ली के खिलाफ आरसीबी को सावधान रहना होगा। वैसे विराट के फॉर्म में आने से मेजबान टीम के हौसले बुलंद है। 36 वर्ष के विराट को हालांकि आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव से पार पाना होगा। स्टार्क 3 मैचों में 11 की औसत से 9 विकेट ले चुके हैं। पावरप्ले में स्टार्क और कोहली की भिड़ंत पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। स्पिनरों के खिलाफ ऊंचे और स्वीप शॉट खेलने की अपनी कमजोरी से पार पा चुके कोहली काफी उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं।
कुलदीप की तरकश में हालांकि कई तीर हैं और वह किसी भी बल्लेबाज को परेशान कर सकते हैं। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार भी फॉर्म में हैं और वह स्पिनरों को खेलने में माहिर हैं। दिल्ली के कप्तान अक्षर ने अब तक 3 मैचों में 8 ओवर डाले हैं लेकिन एक भी विकेट नहीं ले सके हैं। आरसीबी के लिए जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार पावरप्ले में प्रभावी रहे हैं। उन्हें दिल्ली के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल पर लगाम लगानी होगी जो यहां के हालात से बखूबी वाकिफ हैं। दिल्ली की नजरें फाफ डु प्लेसी की फिटनैस पर भी लगी होंगी जो चेन्नई के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...