Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2026: RCB ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, हैदराबाद पहले करेगी बल्लेबाजी (देखें प्लेइंग 11)

March 28, 2026

IPL 2026: RCB ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, हैदराबाद पहले करेगी बल्लेबाजी (देखें प्लेइंग 11)

खेल डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का पहला मुकाबला शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम खेला जा रहा है। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। जैकब डफी आरसीबी की ओर से आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं।

हम पहले गेंदबाजी करेंगे- रजत 

रजत ने टॉस जीतने के बाद कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं। सभी पूरी तरह फिट हैं और इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हम अपनी जर्सी पर दूसरा सितारा लगाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।” आरसीबी की तरफ से अभिनंदन सिंह भी इस मुकाबले में अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं।

IPL 2026: RCB won the toss and elected to bowl

टॉस जीतने या हारने से कोई फर्क नहीं पड़ता- ईशान किशन

वहीं, ईशान किशन ने कहा कि टॉस जीतने या हारने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा, “विकेट एकदम ताजा लग रहा है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप पहले बैटिंग करते हैं या बॉलिंग। आपको कुछ नया करने की जरूरत नहीं है। हमें बस अपनी योजनाओं को ठीक से लागू करना है। हर कोई अच्छी लय में दिख रहा है।”

आरसीबी ने आईपीएल 2025 में 18 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार खिताब जीता था। रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी की टीम इस बार भी काफी मजबूत नजर आ रही है। विराट कोहली और फिल साल्ट से टीम को पिछले सीजन की तरह इस बार भी दमदार प्रदर्शन की आस होगी। देवदत्त पडिक्कल घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाकर आ रहे हैं। वहीं, कप्तान रजत के ऊपर नंबर चार पर खेलते हुए टीम की पारी को संभालने की जिम्मेदारी होगी। हालांकि, आरसीबी को तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की कमी जरूर खल सकती है, जो शुरुआती कुछ मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं। हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार नई गेंद से अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे।

दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और कप्तान ईशान किशन से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। हेड और अभिषेक का बल्ला पिछले सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं चला था, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी पड़ा था। पैट कमिंस शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं। हेनरिक क्लासन के ऊपर टीम के मिडिल ऑर्डर को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। लियाम लिविंगस्टन और अनिकेत वर्मा फिनिशर की भूमिका निभाते नजर आएंगे। अनिकेत ने पिछले सीजन अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। नीतीश कुमार रेड्डी बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देना चाहेंगे। गेंदबाजी में हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा और जयदेव उनादकट की तिकड़ी बल्लेबाजों की परीक्षा लेती हुई नजर आएगी।

आरसीबी की प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा।
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें