Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2026: एसआरएच को बड़ा झटका, बाकी मैचों से बाहर हुआ ये गेंदबाज, जानिए वजह

April 16, 2026

IPL 2026: एसआरएच को बड़ा झटका, बाकी मैचों से बाहर हुआ ये गेंदबाज, जानिए वजह

खेल डेस्कः इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज डेविड पायने टखने में चोट के कारण शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। फिलहाल टीम ने उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है।

फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पायने के बाहर होने की पुष्टि करते हुए लिखा, “डेविड पायने टखने की चोट लगने के बाद टाटा आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।” इंग्लैंड के लिए एकमात्र वनडे मैच खेलने वाले पायने ने अब तक ज्यादातर घरेलू क्रिकेट ही खेला है। वह आईपीएल 2026 की नीलामी में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन तेज गेंदबाज जैक एडवर्ड्स के चोटिल होने के बाद उन्हें बतौर रिप्लेसमेंट एसआरएच की टीम में शामिल किया गया, जिसकी वजह बिग बैश लीग (बीबीएल) में उनका शानदार प्रदर्शन था।

डेविड पायने ने पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए 6 मैचों में 7.95 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट लिए थे। हालांकि, आईपीएल 2026 में वह छाप छोड़ने में नाकाम रहे। पायने ने आईपीएल 2026 में 2 मैच खेले, जिसमें कुल 30 गेंदें फेंकते हुए 70 रन देकर 2 विकेट निकाले। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 35 रन देकर 2 विकेट निकालने के अलावा, उन्होंने इसी मैच में 6 रन की नाबाद पारी खेली थी, जिसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध 2 ओवरों में 35 रन लुटाए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।

इस बीच, गुरुवार सुबह सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ी राहत मिली। कप्तान पैट कमिंस ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। वह जल्द ही टीम में शामिल होंगे। कमिंस के 25 अप्रैल को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में खेलने की संभावना है। कमिंस की गैरमौजूदगी में, ईशान किशन एसआरएच टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं, जिनके नेतृत्व में टीम 5 में से 2 ही मैच जीत सकी है। सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें