Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

आयरलैंड ने पहली बार वर्ल्ड चैंपियन भारत को हराया; 34 रन से जीता मुक़ाबला

June 27, 2026

आयरलैंड ने पहली बार वर्ल्ड चैंपियन भारत को हराया; 34 रन से जीता मुक़ाबला

बेलफास्ट : आयरलैंड ने आक्रामक बल्लेबाजी के बाद मैट हॉलार्ड (28 रन पर 3 विकेट) की अगुवाई में अनुशासित गेंदबाजी के दम पर पहले टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में शुक्रवार को भारत को 34 रन से हराकर इतिहास रच दिया। मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ किसी भी प्रारूप में आयरलैंड की यह पहली जीत है। इसके साथ ही दो मैचों की सीरीज में उसने 1-0 की बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने खराब शुरुआत से उबरते हुए नौ विकेट पर 182 रन बनाए। कप्तान लोर्कान टकर ने 36 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि गेराथ डेलानी 32 गेंदों में 49 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए।

दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। इसके बाद डेलानी और जॉर्ज डॉकरेल (19) ने 49 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत की ओर से हर्षित राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 24 रन देकर तीन विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि शिवम दुबे को एक सफलता मिली। प्रसिद्ध कृष्णा ने बिना विकेट लिए 57 रन खर्च किए। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 50 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला।

तिलक वर्मा (19) और शिवम दुबे (25) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। श्रेयस अय्यर (3), संजू सैमसन (4) और इशान किशन (1) सस्ते में आउट हो गए। आयरलैंड की ओर से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मैट हॉलार्ड और मैथ्यू हंफ्रीज ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि पदार्पण कर रहे जय मूंद्रा ने दो विकेट झटके। भारत ने पावरप्ले में 68 रन बनाए, लेकिन तीन विकेट गंवा दिए। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय पदार्पण इस मैच में नहीं हो सका।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें