Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जायसवाल का रन आउट होना इस मैच के संदर्भ में बड़ी घटना: Steve Smith

December 27, 2024

जायसवाल का रन आउट होना इस मैच के संदर्भ में बड़ी घटना: Steve Smith

Steve Smith: ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजी नायक स्टीव स्मिथ ने कहा कि भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में शुक्रवार को यशस्वी जयसवाल के रन आउट होने का बड़ा असर पड़ेगा क्योंकि इससे शानदार बल्लेबाजी कर रहे विराट कोहली की एकाग्रता भी प्रभावित हुई। जायसवाल ने बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के दूसरे दिन 118 गेंद की अपनी धाराप्रवाह पारी में 82 रन बनाये। उन्होंने कोहली (36) के साथ गफलत का शिकार होकर रन आउट होने से पहले तीसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी कर मैच में भारत की वापसी की नींव रखी थी।

स्मिथ से जब जायसवाल के रन आउट होने के बाद कोहली के विकेट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘वह (कोहली) आज वास्तव में अनुशासित थे, वह अच्छे से अपने शॉट खेल रहे थे। वह शरीर पर आने वाली गेंदों को लेग साइड में खेलकर रन बना रहे थे। उन्होंने शॉट गेंदों का भी डटकर सामना किया। इससे पहले स्मिथ की 140 रन (श्रृंखला में उनका लगातार दूसरा शतक) की पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 474 रन बनाए और फिर भारत को 164 रन पर पांच विकेट लेकर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया।

स्मिथ ने कहा, ‘‘ ऐसा लगा कि जायसवाल ने रन लेने के लिए कहा लेकिन विराट ने उन्हें वापस भेज दिया। मैंने इससे ज्यादा कुछ नहीं देखा। टेस्ट में अपना 34वां शतक पूरा करने वाले इस बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ इस साझेदारी को तोड़ना जाहिर तौर पर हमारे लिए अच्छा रहा। इसके बाद हमें दो और विकेट मिलें। हमारे लिए आखिरी घंटा शानदार रहा। मुझे लगता है कि आज के दिन के संदर्भ में वह (रन आउट) एक बड़ी घटना थी।

स्मिथ से जब पूछा गया कि ऑस्ट्रेलिया की टीम जायसवाल की जगह कोहली को भी रन आउट कर सकती थी तब वह खिलखिला कर हंस पड़े। उन्होंने कहा,‘‘ वह एक शानदार खिलाड़ी है, हम यह जानते हैं। जाहिर है उसने पर्थ में अच्छी शतकीय पारी खेली थी। वह आज वास्तव में अच्छा लग रहा था, मैंने सोचा, ‘जीज’ (जीसस), वह यहां अच्छा प्रदर्शन करने के लिए है। और यह शायद पहली गेंद थी। मुझे लगता है कि वह वास्तव में पांचवीं-छठी स्टंप लाइन की गेंदों को छेड़ने से बच रहे थे। स्मिथ ने कहा, ‘‘वह बोलैंड की एक गेंद पर चूक गये और मैं भाग्यशाली था कि मैंने कैच लपक लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें