Jayden Seales : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करने वाले कैरेबियाई तेज गेंदबाज जेडन सील्स पर मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। उन्हें आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए एक डिमेरिट अंक भी दिया गया है। ब्रिजटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन हुई घटना के बाद यह कार्रवाई की गई।
अनुशासनात्मक कार्रवाई-
“सील्स को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायक कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करते पाया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर अपमानजनक भाषा, हरकत या हाव-भाव का इस्तेमाल करने या आक्रामक प्रतिक्रिया को उकसाने से संबंधित है। इसके अलावा, सील्स के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है, जिसके लिए 24 महीने की अवधि में यह दूसरा अपराध था, जिससे 24 महीने की अवधि में उनके कुल डिमेरिट अंकों की संख्या दो हो गई,” आईसीसी ने एक बयान में कहा।
आचार संहिता का उल्लंघन-
यह घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के 55वें ओवर के दौरान हुई। इसके बाद सील्स ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया। आईसीसी के अनुशासनात्मक नियमों के अनुसार, इसे खिलाड़ियों की आचार संहिता का उल्लंघन माना गया, क्योंकि यह इशारा भड़काऊ या अपमानजनक भाषा के दायरे में आता है।
सील्स ने स्वीकारी गलती-
आईसीसी ने कहा कि सील्स ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ द्वारा दी गई सजा को भी स्वीकार कर लिया है, इसलिए मामले में कोई औपचारिक सुनवाई नहीं हुई। आरोप मैदानी अंपायर रिचर्ड केटलबोरो और नितिन मेनन, तीसरे अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक और चौथे अंपायर ग्रेगरी ब्रैथवेट ने लगाए थे।
2 सालों में दूसरा डिमेरिट पॉइंट-
यह 24 महीनों में सील्स का दूसरा डिमेरिट पॉइंट है। इससे पहले, उन्हें दिसंबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में एक डिमेरिट पॉइंट मिला था।
लेवल-1 अपराध के लिए इतना दंड-
लेवल-1 के अपराध के लिए न्यूनतम दंड आधिकारिक फटकार है और अधिकतम दंड खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत और एक या दो डिमेरिट पॉइंट है।
इस लिए दिखाया था पवेलियन का रास्ता-
पहले दिन का मैच खत्म होने के बाद सील्स ने कहा कि उनका यह इशारा कोई बड़ी बात नहीं थी, यह बस थोड़ा सा गुस्सा था क्योंकि पैट कमिंस ने उन पर कुछ अच्छे शॉट लगाए थे, इसलिए उन्होंने मजाक में उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सील्स का प्रदर्शन-
सील्स ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 60 रन देकर पांच विकेट लिए थे। उन्होंने दूसरी पारी में भी दमदार गेंदबाजी की है और 24 रन देकर एक विकेट लिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का स्कोर फिलहाल 4 विकेट के नुकसान पर 92 रन है और उसकी कुल बढ़त 82 रन की हो गई है।
तेज बैट्री के प्रदर्शन पर निर्भर वेस्टइंडीज-
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया का यह वेस्टइंडीज दौरा है और यह तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच है। सील्स और शमर जोसेफ की अच्छी गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 180 रन पर समेट दिया था। हालांकि, वेस्टइंडीज की पारी भी सिर्फ 190 रन पर सिमट गई थी। इस मैच का तीसरा दिन इस समय काफी महत्वपूर्ण होगा, जहां ऑस्ट्रेलिया अपने निचले मध्यक्रम के प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर करेगा और वेस्टइंडीज की टीम अपनी तेज बैट्री के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

