Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जोश हेजलवुड ने बॉर्डर-गावस्कर सीरीज पर की बात, कहा- भारत के खिलाफ हमें अपने घर पर जीतनी होगी ट्रॉफी

August 19, 2024

जोश हेजलवुड ने बॉर्डर-गावस्कर सीरीज पर की बात, कहा- भारत के खिलाफ हमें अपने घर पर जीतनी होगी ट्रॉफी

नई दिल्ली: बीते कुछ महीने और साल ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के लिए यादगार रहे हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप हो या वनडे वर्ल्ड कप, उन्होंने हर बार बाजी मारी। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने बॉर्डर-गावस्कर सीरीज पर बात की है। हेजलवुड ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया अपने घर में ये सीरीज जीतना चाहती है, क्योंकि उनके पास केवल यही एक लक्ष्य बचा है, जिसे उन्हें हर हाल में हासिल करना है।

2014/15 की सीरीज में भारत को 2-0 से हराने के बाद, ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू मैदान पर लगातार इस सीरीज में भारत के खिलाफ हार झेली है। बॉल टैंपरिंग बैन के कारण स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की गैर मौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया 2018/19 सीरीज में भारत के खिलाफ 2-1 से हारा था। इसके बाद 2020/21 की सीरीज में भी ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा।

हेजलवुड ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो से कहा, “ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने कभी भी भारत को टेस्ट सीरीज में नहीं हराया है। यह कहना काफी आश्चर्यजनक है। यह एक ऐसी चीज है जिसे हमें निश्चित रूप से बदलना होगा, खास तौर पर हमें यहां घरेलू मैदान पर लगभग हर सीरीज जीतनी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, “पिछली सीरीज में हमने भारतीय टीम को एडिलेड में 36 रन पर आउट कर दिया था। इससे हमें आत्मविश्वास मिला। लोग कहते हैं कि हमने उस सीरीज के आखिरी टेस्ट में इंडिया की ‘बी’ टीम के साथ खेला, लेकिन वे कभी-कभी सर्वश्रेष्ठ टीम से भी मजबूत हो सकते हैं। उनके पास सभी प्रारूपों में अविश्वसनीय गहराई है।”

हेजलवुड जून में लॉर्ड्स में 2025 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने की भी महत्वाकांक्षा रखते हैं। पिछले साल वह इस चैंपियनशिप का फाइनल नहीं खेल पाए थे, जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ओवल में भारत को हराकर खिताब जीता था। दाएं हाथ के पेसर हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया के आगामी टी20 और वनडे दौरे पर टीम का हिस्सा होंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें