Site icon Dainik Savera Times

घरेलू क्रिकेट की फॉर्म आईपीएल में भी जारी रखना चाहते हैं करुण

नई दिल्ली: घरेलू क्रिकेट में सभी प्रारूप में शानदार प्रदर्शन करने वाले अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी अच्छी फार्म जारी रखकर अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स को पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाना चाहते हैं। नायर घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हुए। उन्होंने 50 ओवर के प्रारूप में खेली जाने वाली विजय हजारे ट्रॉफी में 9 मैच में 389.50 की औसत से 779 रन बनाए जिसमें 5 शतक और एक अर्धशतक शामिल है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में भी अपनी यह फॉर्म जारी रखी और 57.33 की औसत से 860 रन बनाए जिसमें 4 शतक शामिल हैं। उन्होंने केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी फाइनल में नाबाद 132 रन बनाकर अपनी टीम को चैंपियन बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिल्ली कैपिटल्स ने आगामी आईपीएल से पहले उन्हें 50 लाख रुपए में खरीदा। नायर ने कहा, ‘मैं दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापसी करके वास्तव में बहुत खुश हूं। मैं टीम से जुड़ने और खेलने के लिए बेहद उत्साहित हूं। मैं प्रत्येक मैच को पिछले मैच की तरह महत्वपूर्ण मानकर चलूंगा। मैंने बहुत अधिक बदलाव नहीं किए और केवल प्रक्रिया पर भरोसा रखा तथा पूरे सत्र के दौरान ऐसा करना जारी रखा। इस सत्र के लिए यही मेरी रणनीति थी।’ उन्होंने कहा, ‘अक्षर लंबे समय से खेल रहा है और वह शानदार कप्तान साबित होगा। वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो खेल के प्रत्येक पहलू के बारे में अच्छी तरह से जानता है और प्रत्येक की स्थिति और भूमिका को समझता है। मैं उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।’

ये भी पढ़ें: Jammu Kashmir: CM उमर अब्दुल्ला ने तिरंगे वाला रिबन काटने से किया इनकार, जमकर हो रही तारीफ

Exit mobile version