Site icon Dainik Savera Times

एक दशक बाद बांग्लादेश का दौरा करेगी कीवी टीम

ढाका: लगभग एक दशक के लंबे अंतराल के बाद न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम एशियाई देश बांग्लादेश में एक दिवसीय और टेस्ट श्रृखंला खेलने आयेगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के बहुप्रतीक्षित दौरे के कार्यक्रम का खुलासा किया है। वर्ष 2013 के बाद यहां आने वाली कीवी टीम तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी। दो चरणों में होने वाला यह दौरा 21 सितंबर को शुरू होगा जिसमें तीनों एकदिवसीय मैच मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जायेंगे जिसके बाद दोनो टीमें एक दिवसीय विश्व कप में मशगूल हो जायेंगी।

दौरे के दूसरे चरण में टेस्ट श्रृंखला नवंबर के अंत में शुरू होगी जिसके आयोजन स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी। 2019 विश्व कप फाइनलिस्ट न्यूजीलैंड अपने आगामी विश्वकप अभियान की शुरुआत पांच अक्टूबर को टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में अहमदाबाद में मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ करेगा। वहीं बांग्लादेश विश्व कप के सफर की शुरुआत सात अक्टूबर को धर्मशाला के सुरम्य हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ करेगा।

Exit mobile version