Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

अब पैर ठीक है पर पूरी तरफ फिट होने में लगेंगे महीने : मैक्सवेल

March 26, 2023

अब पैर ठीक है पर पूरी तरफ फिट होने में लगेंगे महीने : मैक्सवेल

बेंगलुरु: ऑस्ट्रेलिया और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने कहा है कि उनके बाएं पैर की चोट ठीक हो गयी है, लेकिन उन्हें पूरी तरह फिट होने में‘कई महीने’का समय लगेगा। गौरतलब है कि नवंबर 2022 में एक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में मैक्सवेल का पैर फ्रैक्चर हो गया था। सर्जरी के बाद मैक्सवेल लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे। भारत के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की एकदिवसीय शृंखला के लिये मैक्सवेल को टीम में शामिल किया गया था, हालांकि वह एक बार भी एकादश में जगह नहीं बना सके।

आईपीएल के 16वें सीजन की शुरुआत से पहले आरसीबी द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये एक वीडियो में मैक्सवेल ने कहा, ‘मेरा पैर अब ठीक है। पूरी तरह फिट होने में कई महीने लग सकते हैं। उम्मीद है कि यह (पैर) पूरा टूर्नामेंट खेल लेने के बाद भी सही सलामत रहेगा।’ कोविड प्रतिबंधों के कारण आईपीएल दो साल के अंतराल के बाद पारंपरिक रुप से खेला जायेगा जहां एक टीम अपने आधे मुकाबले घरेलू मैदान पर खेलेगी। मैक्सवेल ने कहा कि वह बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

मैक्सवेल ने कहा, ‘आखिरकार दो साल बाद (बायो-बबल के अंदर खेल से) वापसी हो रही है। यह काफी रोमांचक है और मैं अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने खेलने के लिये काफी उत्साहित हूं।’ गौरतलब है कि आरसीबी के साथ मैक्सवेल का पिछला सीजन शानदार रहा था। उन्होंने 2022 में फ्रेंचाइजी के लिये 13 मैचों में 301 रन बनाये और छह विकेट भी लिये थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें