Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑस्ट्रेलियाई टीम में Michael Hussey की वापसी, एशेज और वनडे वर्ल्ड कप के लिए निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी

November 6, 2026

ऑस्ट्रेलियाई टीम में Michael Hussey की वापसी, एशेज और वनडे वर्ल्ड कप के लिए निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी

Michael Hussey: ऑस्ट्रेलिया ने पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी को 2027 एशेज और वनडे विश्व कप के लिए कोचिंग कंसल्टेंट नियुक्त किया है। इसके अलावा, हसी को लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 और ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए टी20 सलाहकार बनाया है।

हसी ने पिछले कुछ सालों में ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड के साथ कभी-कभी काम किया है। खासकर वह प्रतिवर्ष पर्थ टेस्ट से पहले एक अतिरिक्त बैटिंग कंसल्टेंट के तौर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ जुड़ते हैं। वह अपनी कमेंट्री भूमिकाओं और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और द हंड्रेड में वेल्श फायर की कोचिंग टीम का हिस्सा होने की वजह से ऑस्ट्रेलिया के लिए बतौर कोच लंबा समय नहीं दे सके हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक CSK में हसी के साथ काम करने वाले स्टीफन फ्लेमिंग जब न्यूजीलैंड टेस्ट टीम के हेड कोच बने, तो उन्होंने हसी को अपनी कोचिंग टीम के साथ जुड़ने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन इस प्रस्ताव को इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने स्वीकार नहीं किया था।

ये भी पढ़ें- भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए डेवन कॉनवे, इस विस्फोटक बल्लेबाज को टीम में मिली जगह

 

इंग्लैंड के खिलाफ शुरू करेंगे कार्य
हसी कोचिंग कंसल्टेंट के तौर पर ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना कार्य इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से शुरू करेंगे। इसके बाद पर्थ में न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज की तैयारी में ऑस्ट्रेलिया की मदद करेंगे।

इस मौके पर माइकल हसी ने कहा, “मैं आने वाले वर्षों में टीम के लिए ज्यादा आधिकारिक और अर्थपूर्ण रोल निभाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। इस टीम ने पिछले कुछ समय में बहुत कुछ हासिल किया है। मुझे उम्मीद है कि मैं इस रोमांचक और चुनौतीपूर्ण समय से पहले कोचिंग और प्लेइंग ग्रुप्स का मूल्य बढ़ा पाऊंगा।”

स्टाफ का एक बहुत अहम हिस्सा रहे हैं हसी
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच मैकडोनाल्ड ने कहा, “माइक पहले भी हमारे स्टाफ का एक बहुत अहम हिस्सा रहे हैं और उनके पास काफी स्किल सेट है जो कोच और खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद है। एक खिलाड़ी और कोच के तौर पर कई फॉर्मेट, कॉम्पिटिशन, देशों में उनकी विशेषज्ञता ही नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर उनकी क्षमता भी बहुत कीमती है।”

हसी का मुख्य फोकस टी20 पर होगा। वह 2022 में टी20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड कोचिंग टीम का हिस्सा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- ईरान पर होगी सैन्य कार्रवाई! राष्ट्रपति ट्रंप ने दिए संकेत, डेमोक्रेट्स ने युद्ध खत्म करने के लिए बनाई ये योजना

 

रेस्ट पर जाएंगे मैकडोनाल्ड
मैकडोनाल्ड इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से आराम करने वाले हैं। उनकी जगह मुख्य कोच की जिम्मेदारी आंद्रे बोरोवेक संभालेंगे। हसी, बोरोवेक के साथ इंग्लैंड के खिलाफ एक युवा ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए अपनी कंसल्टेंसी शुरू करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया की नेशनल टीमों के हेड बेन ओलिवर ने कहा, “माइक के पास टी20 का बहुत ज्यादा अनुभव है और हम 2028 में एलए ओलंपिक और टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के दौरान टीम पर उनके असर का इंतजार कर रहे हैं।”

बेहतरीन मध्यक्रम बल्लेबाजों में होती है गिनती
मिस्टर क्रिकेट के नाम से मशहूर माइकल हसी की गिनती ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले बेहतरीन मध्यक्रम बल्लेबाजों में होती है। 51 साल के हसी ने 2004 से 2013 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 79 टेस्ट में 19 शतक और 29 अर्धशतक की मदद से 6,235 रन, 185 वनडे में 3 शतक और 39 अर्धशतक की मदद से 5,442 रन और 38 टी20 में 4 अर्धशतक लगाते हुए 721 रन बनाए।

37 साल की उम्र में 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद से वह लंबे समय तक आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कोचिंग टीम का हिस्सा रहे हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें