मुंबई: एकमात्र उपलब्ध प्ले ऑफ स्थान के लिए चुनौती पेश कर रही मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम बुधवार को जब आमने-सामने होंगी तो दोनों की नजरें इस मुकाबले को जीतकर अपना दावा मजबूत करने पर टिकी होंगी। मुंबई का पलड़ा हालांकि भारी नजर आ रहा है। टीम ने बेहद खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की और अब शीर्ष 4 में शामिल है। दिल्ली की शुरुआत काफी अच्छी रही थी लेकिन टीम अपने पिछले 6 मैच में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाई है। सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ सुपरजायंट्स की हार के साथ टीम की प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीद भी खत्म हो गई।
गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर ने पहले ही नॉकआऊट में जगह पक्की कर ली है। मुंबई की जीत से उनके 16 अंक हो जाएंगे और अक्षर पटेल की अगुवाई वाली टीम की पहुंच से बाहर हो जाएगी वहीं दिल्ली कैपिटल्स को आगे बढ़ने के लिए अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने की जरूरत है। दोनों टीमों को अपने आखिरी मुकाबले पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलने हैं। मुंबई इंडियंस की फॉर्म और गहराई उनके पक्ष में है। जीत के साथ मुंबई की टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी लेकिन हार की स्थिति में उनका भाग्य 24 मई को दिल्ली और पंजाब के बीच होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करेगा। मुंबई के सुपरस्टार रोहित शर्मा पर सभी की नजरें होंगी क्योंकि टैस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद यह उनका पहला मैच होगा।
सूर्यकुमार यादव बल्ले से अपनी बेहतरीन फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे लेकिन मुंबई को तिलक वर्मा के लय हासिल करने की उम्मीद होगी। ब्रेक से जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों को जरूरी आराम और थकान से उबरने का मौका मिला होगा। दिल्ली की टीम लोकेश राहुल (493 रन) के प्रदर्शन पर काफी निर्भर है जिन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ शानदार शतक बनाया था। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी की कमजोरियां उजागर हो गईं लेकिन स्टार्क की जगह आए मुस्ताफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी की।
मेष: दिन शुभ रहेगा...