Site icon Dainik Savera Times

French Open के दूसरे दौर में पहुंचे Musetti, Sabalenka और Shelton, नडाल को दी गई भावभीनी विदाई

स्पोर्ट्स डेस्क: फ्रेंच ओपन 2025 का रोमांचक आगाज़ हो चुका है और पहले दौर में कई बड़े खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर टूर्नामेंट के दूसरे चरण में जगह बना ली है। अमेरिका के 13वीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए इटली के लोरेंजो सोनेगो को पांच सेटों तक चले मुकाबले में 6-4, 4-6, 3-6, 6-2, 6-3 से पराजित किया। गौरतलब है कि शेल्टन ने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी सोनेगो को मात दी थी।

इससे पहले इटली के युवा स्टार और आठवीं वरीयता प्राप्त लोरेंजो मुसेत्ती ने जर्मनी के क्वालीफायर यानिक हांफमैन को सीधे सेटों में 7-5, 6-2, 6-0 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। महिलाओं के वर्ग में बेलारूस की दूसरी वरीयता प्राप्त एरिना सबालेंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रूस की कामिला राखिमोवा को 6-1, 6-0 से एकतरफा मुकाबले में पराजित किया।

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता चीन की झेंग किंवेन ने फ्रेंच ओपन 2021 की उपविजेता अनास्तासिया पावल्युचेनकोवा को 6-4, 6-3 से हराकर खिताबी दावेदारी पेश की। वहीं, पिछले साल की उपविजेता इटली की जैसमीन पाओलिनी ने युआन यूइ के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-1, 4-6, 6-3 से जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में अमेरिका के टॉमी पॉल और फ्रांसिस टियाफो ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बनाई। पॉल ने डेनमार्क के एल्मेर मोलेर को 6-7, 6-2, 6-3, 6-1 से हराया, जबकि टियाफो ने रूस के रोमन साफिउलिन को 6-4, 7-5, 6-4 से मात दी।

टूर्नामेंट का सबसे भावुक क्षण उस समय आया जब फ्रेंच ओपन के 14 बार के विजेता और 22 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन राफा नडाल को टेनिस से हाल ही में संन्यास लेने पर एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। लाल मिट्टी पर नडाल के दबदबे को देखते हुए उन्हें ‘लाल बजरी का सम्राट’ कहा जाता है। इस मौके पर उनके तीनों ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्वी—नोवाक जोकोविच, रोजर फेडरर और एंडी मरे भी मौजूद थे, जिन्होंने नडाल को सम्मानित किया और उनके योगदान को याद किया।

‘रोलां गैरो’ की लाल मिट्टी पर दर्शकों की भारी भीड़ इस बार केवल मुकाबले देखने नहीं, बल्कि टेनिस के एक युग को अलविदा कहने के लिए भी उमड़ी थी। यह टूर्नामेंट सिर्फ प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि भावनाओं, इतिहास और प्रेरणा का प्रतीक बन गया है।

ये भी पढ़ें- कमजोर हुआ नक्सलवाद, 10 साल में 10 हजार से ज्यादा माओवादियों ने टेके घुटने

Exit mobile version