Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेरा फोकस गेंदबाजी पर रहता है, बल्लेबाजी नेचुरल है: Ravichandran Ashwin

September 22, 2024

मेरा फोकस गेंदबाजी पर रहता है, बल्लेबाजी नेचुरल है: Ravichandran Ashwin

चेन्नई: अनुभवी स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने एक ही टेस्ट मैच में शतक और पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड चौथी बार कारनामा किया जिससे भारत ने रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 280 रन की जीत के साथ श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।

इसके अलावा, अश्विन ने 37वीं बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया और महान शेन वार्न के बराबर पहुंच गए, उनसे आगे केवल श्रीलंका के महान मुथैया मुरलीधरन (67) हैं।

चौथे दिन पहले ही सत्र में बांग्लादेश 205/5 से 234 पर सिमट गया और मेहमान टीम ने 30 रन से भी कम पर अपने बाकी 5 विकेट खो दिए। अश्विन और रवींद्र जडेजा ने बांग्लादेशी बल्लेबाजों के खिलाफ दबदबा बनाया।

स्पिन जोड़ी ने कुल 9 विकेट लिए। जहां जडेजा ने तीन विकेट लिए, वहीं अश्विन ने पहले दिन शतक के अलावा 6 विकेट भी लिए।

मैच के बाद अश्विन ने कहा, ‘जब भी मैं चेन्नई में खेलता हूं, तो मेरे लिए यह एक अद्भुत अहसास होता है। मैंने उन स्टैंड्स में बैठकर बहुत सारे टेस्ट और अंतर्राष्ट्रीय मैच देखे हैं। मैं शायद अपने खेल का आनंद इसलिए ले रहा हूं क्योंकि मैं जो कर रहा हूं, वह मेरे लिए बहुत अच्छा है। मुझे जडेजा का शुक्रिया अदा करना होगा जिन्होंने मेरी मदद की।‘

38 वर्षीय आॅलराउंडर ने पहली पारी में शतक जड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। एक समय था जब भारत पहली पारी में 144/6 के स्कोर पर मुश्किल में था। इसके बाद अश्विन ने मोर्चा संभाला और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपना छठा टेस्ट शतक जड़ा। जडेजा (86) के साथ उनकी महत्वपूर्ण 199 रन की साझेदारी ने भारत को वापसी दिलाई और कुल 376 रन बनाने में मदद की।

अपने शतक के साथ अश्विन ने एमएस धोनी के छह टेस्ट शतकों की बराबरी कर ली है। उन्होंने यह उपलब्धि दिग्गज पूर्व कप्तान से दो पारियां कम लेते हुए हासिल की।

आईसीसी के आंकड़ों के अनुसार, 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अश्विन के नाम अब चार टेस्ट शतक हैं, जो डेनियल वेटोरी के बाद किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे अधिक शतक हैं। वेटोरी के नाम पांच शतक हैं।

अश्विन के नाम अब टेस्ट मैचों में 20 बार पचास या उससे अधिक का स्कोर दर्ज हो गया है, जो सर रिचर्ड हैडली से तीन अधिक है। इसके अलावा उन्होंने इस प्रारूप में महान शेन वार्न के बराबर ही पांच विकेट (37 बार पांच विकेट) हासिल किए हैं, जिससे इस प्रारूप के सबसे महान ऑलराउंडरों में से एक के रूप में उन्होंने अपनी पहचान और बड़ी की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें