Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

नीदरलैंड की निगाहें फिर उलटफेर भरी जीत पर: तेजा निदामानुरू

November 9, 2023

नीदरलैंड की निगाहें फिर उलटफेर भरी जीत पर: तेजा निदामानुरू

पुणो: नीदरलैंड का मानना है कि वे फॉर्म में चल रही भारतीय टीम के खिलाफ उलटफेर भरी जीत हासिल कर सकते हैं और उसके आल राउंडर तेजा निदामानुरू का कहना है कि ‘यह क्रिकेट का खेल है और इसमें काफी मजेदार चीजें हो चुकी हैं’।मेजबान भारत को अभी तक टूर्नामेंट में हार का सामना नहीं करना पड़ा है और टीम ने सभी आठ मैच में जीत हासिल की है। वहीं टूर्नामेंट में एकमात्र एसोसिएट टीम नीदरलैंड की बात की जाये तो वह बुधवार को इंग्लैंड से 160 रन से हारने के बाद अंक तालिका में निचले पायदान पर चल रही है।

निदामानुरू ने कहा, ‘‘यह क्रिकेट का खेल है, इसलिये यह संभव (भारत को हराना) हो सकता है। हमारी खेल की अपनी शैली है। हम जो अच्छा करते हैं, वहीं करेंगे। हमारे पास कुछ बेहतरीन गेंदबाज हैं और कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो स्पिन को बखूबी खेल सकते हैं। ’’ बुधवार को मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास ऐसे भी गेंदबाज हैं जो विकेट ले सकते हैं। लेकिन निश्चित रूप से आपको थोड़ा भाग्य का भी साथ चाहिए। इसमें कोई शक नहीं कि उनकी मजबूत टीम है और वे काफी अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। लेकिन इस खेल में मजेदार चीजें (उलटफेर) हो चुकी हैं। ’’

नीदरलैंड ने 12 साल के अंतराल बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया और अब उसका अभियान 12 नवंबर को बेंगलुरु में भारत के खिलाफ मैच के साथ समापत होगा। नीदरलैंड ने शानदार प्रदर्शन कर रही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उलटफेर भरी जीत हासिल की थी और उसने बांग्लादेश को भी हराया था।उन्होंने कहा, ‘‘टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ टीम जो अंक तालिका में शीर्ष पर उसके खिलाफ खेलने के लिए हम काफी उत्साहित हैं और यह हमारे लिए एक और मौका होगा। ’’ निदामानुरू ने इंग्लैंड के खिलाफ 34 गेंद में नाबाद 41 रन बनाये। उन्होंने कहा, ‘‘हम जब भी मैदान में उतरते हैं, हम अपना कौशल दिखाने का प्रयास करते हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ करते हैं क्योंकि यह विश्व कप है। हम किसी भी मैच को हल्के में नहीं लेते इसलिये निश्चित रूप से हम रविवार को भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास करेंगे। ’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें