Site icon Dainik Savera Times

बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे ‘नीतीश कुमार रेड्डी’, कोच गंभीर और कोहली पहले ही टेक चुके माथा

Nitish Kumar Reddy

Nitish Kumar Reddy

Nitish Kumar Reddy: भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी ने सोमवार को विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर प्रातःकालीन भस्म आरती में सहभागिता कर ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए। नीतीश कुमार रेड्डी ने तड़के ब्रह्म मुहूर्त में संपन्न होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल से आशीर्वाद प्राप्त किया और देश, टीम तथा अपने आगामी क्रिकेट करियर के लिए मंगलकामना की।

नीतीश कुमार रेड्डी ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान महाकाल के दर्शन किए। भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भगवान महाकाल का भस्म से शृंगार किया गया, जिसे देखकर नीतीश कुमार रेड्डी भावविभोर नजर आए। उन्होंने कुछ समय तक ध्यान लगाकर भगवान की आराधना की।

ये भी पढ़ें- मैच जीतने के बाद Captain Michael Bracewell का आया बड़ा बयान, ‘न्यूजीलैंड भले ही दुनिया का एक छोटा देश है’…

 

स्वागत एवं सत्कार
दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी का स्वागत एवं सत्कार किया गया। समिति के अधिकारियों और पुजारियों ने उन्हें भगवान महाकाल की तस्वीर, प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की।

भस्म आरती के दर्शन एक अविस्मरणीय अनुभव
नीतीश कुमार रेड्डी ने कहा कि श्री महाकालेश्वर मंदिर आकर भस्म आरती के दर्शन करना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल की कृपा से उन्हें मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त हुई है, जो मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा देती है। उन्होंने यह भी कहा कि वे जब भी अवसर मिलता है, धार्मिक स्थलों पर जाकर ईश्वर का आशीर्वाद लेते हैं।

ये भी पढ़ें- 85वें शतक के साथ कोहली ने तेंदुलकर, सहवाग और पोंटिंग का तोडा रिकॉर्ड

 

लोगों ने तस्वीरें खिंचवाईं और शुभकामनाएं दीं
नीतीश कुमार रेड्डी के मंदिर आगमन की सूचना मिलने पर श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और शुभकामनाएं दीं। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में विशेष इंतजाम किए गए थे। उल्लेखनीय है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर देश-विदेश की कई प्रसिद्ध हस्तियों के लिए आस्था का केंद्र रहा है।

Exit mobile version