Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

Norway Chess Tournament की धमाकेदार शुरुआत: Carlsen ने Gukesh को हराकर हासिल की शानदार जीत

May 27, 2025

Norway Chess Tournament की धमाकेदार शुरुआत: Carlsen ने Gukesh को हराकर हासिल की शानदार जीत

स्टावेंगर: शतरंज प्रेमियों के लिए एक रोमांचकारी सफर की शुरुआत हो चुकी है। नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2025 के पहले ही दिन खेले गए मुकाबलों ने साबित कर दिया कि यह टूर्नामेंट क्यों साल का सबसे चर्चित शतरंज आयोजन माना जा रहा है। दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों की मौजूदगी और हर मुकाबले में निर्णायक नतीजों की व्यवस्था इसे बेहद खास बनाती है।

सबसे ज्यादा नजरें जिस मुकाबले पर थीं, वह था विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर मौजूद मैग्नस कार्लसन और मौजूदा विश्व चैम्पियन गुकेश डोम्मराजू के बीच भिड़ंत। मुकाबला बेहद संतुलित नजर आ रहा था, लेकिन जैसे-जैसे खेल निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ा, कार्लसन की चालों में अनुभव और धैर्य की झलक साफ दिखी। गुकेश ने समय के दबाव में एक मामूली चूक कर दी, जिसका कार्लसन ने बखूबी फायदा उठाते हुए खेल अपने नाम कर लिया।

दूसरे बोर्ड पर भी जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला, जहां अमेरिका के हिकारू नाकामुरा और फैबियानो कारुआना आमने-सामने थे। नाकामुरा ने एक समय पर ड्रॉ का प्रस्ताव रखा जिसे कारुआना ने अस्वीकार कर दिया, लेकिन यही फैसला उनके लिए महंगा साबित हुआ। नाकामुरा ने काले मोहरों से खेलते हुए मुकाबला जीत लिया, जो उनकी रणनीतिक दृढ़ता का परिचायक रहा।

इस दिन का सबसे तेज मुकाबला चीन के वेई यी और भारत के अजरुन एरिगैसी के बीच हुआ, जो मुख्य खेल में ड्रॉ रहा। हालांकि, ‘आर्मागेडन’ मुकाबले में अजरुन ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए जीत दर्ज की और अतिरिक्त अंक हासिल किया। महिला वर्ग में भी भारत की ग्रैंडमास्टर हम्पी कोनेरू ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ी वैशाली रमेशबाबू को हराकर दिन की एकमात्र निर्णायक जीत दर्ज की। हम्पी का शांत और सटीक खेल उनकी मजबूत मानसिकता और अनुभव का परिचायक रहा।

महिला वर्ग के अन्य मुकाबले बराबरी पर छूटे, लेकिन ‘आर्मागेडन’ में अन्ना मुङिाचुक और लेई टिंगजी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अतिरिक्त अंक जुटाए। इस साल का टूर्नामेंट न केवल खेल की गुणवत्ता बल्कि उसकी संरचना के लिए भी चर्चा में है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में समान पुरस्कार राशि तय की गई है, जो लैंगिक समानता की दिशा में एक प्रेरक कदम है। साथ ही, हर मुकाबले के बाद अगर परिणाम नहीं निकलता तो ‘आर्मागेडन’ जैसे रोमांचक फॉर्मेट से विजेता तय किया जाता है, जिससे दर्शकों को हर दिन थ्रिल और क्लाइमैक्स मिलता है।

-खिलाड़ियों की लिस्ट

-पुरुष वर्ग में मैग्नस कार्लसन, गुकेश डोम्मराजू, हिकारू नाकामुरा, फैबियानो कारुआना, अजरुन एरिगैसी और वेई यी शिरकत कर रहे हैं।

-महिला वर्ग में जू वेनजुन, लेई टिंगजी, हम्पी कोनेरू, अन्ना मुङिाचुक, वैशाली रमेशबाबू और सरसादत खादेमालशारिह शामिल हैं।

हर खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान बाकी पांच खिलाड़ियों से दो बार भिड़ेगा, जिससे कुल मिलाकर 10 राउंड्स होंगे। यह सुनिश्चित करता है कि हर खिलाड़ी को भरपूर अवसर मिले और असली प्रतिभा सामने आए। नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट 2025 की शुरुआत जितनी दमदार रही है, आगे के मुकाबलों में रोमांच और तीव्रता और भी बढ़ने की उम्मीद है। शतरंज प्रेमियों के लिए यह प्रतियोगिता हर दिन नई कहानियां और चौंकाने वाली चालें लेकर आ रही है।

ये भी पढ़ें- क्या 1 अप्रैल से आम जनता को लगेगा महंगाई का झटका? LPG दाम को लेकर आया बड़ा अपडेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें