Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत से मैच न खेलना पाकिस्तान को पड़ सकता है भारी, सख्त कार्रवाई की तैयारी में ICC

February 2, 2026

भारत से मैच न खेलना पाकिस्तान को पड़ सकता है भारी, सख्त कार्रवाई की तैयारी में ICC

खेल डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेलने से पाकिस्तान के इनकार ने अब बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि उसकी राष्ट्रीय टीम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। लेकिन इस फैसले की कीमत पाकिस्तान क्रिकेट को बहुत भारी पड़ सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) इस मुद्दे पर जल्द ही अहम बैठक बुलाने जा रही है। आज तक से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मंगलवार या बुधवार को ICC बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जा सकता है।

सरकार का ऐलान, PCB की चुप्पी
हालांकि पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया के जरिए भारत से मैच नहीं खेलने का ऐलान कर दिया है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से अभी तक ICC को कोई आधिकारिक पत्र या सूचना नहीं भेजी गई है। सरकारी फैसले के कुछ घंटों बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि टीम सरकार के आदेश का पालन करेगी और यह मामला क्रिकेट बोर्ड के अधिकार में नहीं है।

PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी अब तक खामोश
PCB अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अब तक इस पूरे मामले पर कोई बयान नहीं दिया है। इससे पहले वे पूरे टूर्नामेंट के बहिष्कार की बात कर चुके थे, लेकिन अब मामला सिर्फ भारत के खिलाफ मैच न खेलने तक सीमित रह गया है।

भारत के खिलाफ नहीं उतरे तो क्या होगा?
ICC सूत्रों के अनुसार, अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलने नहीं उतरता, तो उस पर कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। मैदान पर पाकिस्तान को वॉकओवर देना पड़ेगा। उसे 2 अंक गंवाने होंगे। नेट रन रेट पर भी भारी असर पड़ेगा।

ICC के संभावित सख्त प्रतिबंध
मैदान के बाहर ICC पाकिस्तान क्रिकेट पर बड़े फैसले ले सकता है, जिनमें शामिल हैं,  पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से विदेशी खिलाड़ियों को बाहर किया जा सकता है। PSL की अंतरराष्ट्रीय मान्यता और व्यावसायिक समर्थन छीना जा सकता है। ICC के राजस्व पूल से मिलने वाली रकम में भारी कटौती। भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए ब्रॉडकास्टर्स को मुआवजा। एशिया कप से बाहर किया जाना। पाकिस्तान की सभी द्विपक्षीय सीरीज़ पर रोक। ICC ने एक आधिकारिक बयान में PCB को चेतावनी दी है कि कोई भी अंतिम फैसला लेने से पहले इसके लंबे समय तक पड़ने वाले असर पर गंभीरता से विचार करे।

ब्रॉडकास्टर्स पर भी पड़ेगा असर
भारत बनाम पाकिस्तान मैच दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले क्रिकेट मुकाबलों में से एक है। पिछले एशिया कप में दोनों टीमें एक महीने में तीन बार भिड़ीं, जिससे ब्रॉडकास्टर्स ने अरबों रुपये कमाए। अगर यह मैच नहीं हुआ, तो ब्रॉडकास्टर्स ICC पर दबाव बना सकते हैं, जिससे पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

पहले भी हुए हैं बहिष्कार, लेकिन मामला अलग
पहले भी कुछ टीमें सुरक्षा या राजनीतिक कारणों से मैच खेलने से मना कर चुकी हैं। 1996 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज़ ने श्रीलंका नहीं जाने का फैसला किया था। 2003 विश्व कप में इंग्लैंड ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ मैच नहीं खेला।  लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इतने बड़े और हाई-प्रोफाइल मैच का आखिरी समय पर बहिष्कार बेहद दुर्लभ है, और इसके नतीजे भी कहीं ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें