Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हमारी ताकत है पेनल्टी कॉर्नर, एसीटी में चीन को हराने के बाद बोले हार्दिक सिंह

August 4, 2023

हमारी ताकत है पेनल्टी कॉर्नर, एसीटी में चीन को हराने के बाद बोले हार्दिक सिंह

चेन्नई: भारत के उपकप्तान हार्दिक सिंह ने कहा है कि पेनल्टी कॉर्नर मेजबान टीम की ताकत है और एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी में वे इसका पूरा इस्तेमाल करेंगे। भारत ने पहले मैच में चीन को 7 . 2 से हराया और छह गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिये हुए। हार्दिक ने मैच के बाद कहा ,‘‘ पेनल्टी कॉर्नर हमारी ताकत हैं । हम उसका पूरा इस्तेमाल करेंगे। हमें खुशी है कि पेनल्टी पर गोल हो रहे हैं।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ हमारा लक्ष्य पेनल्टी कॉर्नर की दर बेहतर रखना और कम से कम दो या तीन गोल उसके जरिये करना है । इसके अलावा हर क्वार्टर में मौके बनाने हैं।’’

भारतीय टीम मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम की नयी टर्फ पर पहला टूर्नामेंट खेल रही है और हार्दिक ने इस मैदान के बारे में सकारात्मक राय दी। उन्होंने कहा ,‘‘टर्फ बहुत अच्छी है । तमिलनाडु सरकार बधाई की पात्र है जिसने इतना अच्छा काम किया । पूरी टीम यहां खेलकर खुश है।’’ भारत को अब शुक्रवार को जापान से खेलना है। हार्दिक ने कहा ,‘‘हमारे लिये कोई टीम कमजोर नहीं है।हर टीम समान है और हम उसी रणनीति के साथ उतरेंगे । जापान की मैन टू मैन मार्किंग अच्छी है और हमें उसका जवाब देना होगा ।’’ मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा ,‘‘हमने इस मैच में रोटेशन का बखूबी इस्तेमाल किया । यह नयी पिच है और हमने इस पर अभ्यास किया था । मैच दर मैच यह बेहतर होती जायेगी । मुझे पिच पसंद आई ।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें