पेरिस: भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने में नाकाम रहीं। वे वेटलिफ्टिंग के 49 किलोग्राम वर्ग में चौथे स्थान पर रहीं। भारतीय ओलंपिक संघ ने इवेंट के बाद एक वीडियो जारी किया। जिसमें मीराबाई ने कहा कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन मेडल मेरे हाथ से फिसल गया। अगली बार मैं और मेहनत करूंगी। टोक्यो की रजत पदक विजेता मीराबाई ने साउथ पेरिस एरिना में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाया और चौथे स्थान पर रहीं। चीन की हू जिहुई ने 206 किलोग्राम वजन उठाकर ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। रोमानिया की मिहेला वेलेंटिना (205 किलोग्राम) ने रजत और थाईलैंड की खंबाओ सुलोचना ने 200 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता।
इधर, स्टीपलचेज में अविनाश ने 8:14.18 मिनट में दौड़ पूरी की और 11वें स्थान पर रहे। मोरक्को की एल बाकली सोफीने ने 8:06.05 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। अमेरिका के केनेथ रूक्स (8:06.41 मिनट) को रजत और इब्राहिम किवीवोट (8:06.47 मिनट) को कांस्य पदक मिला। इसके अलावा एथलेटिक्स की ट्रिपल जंप स्पर्धा में भारत के प्रवीण चित्रावेल और अब्दुल्ला नारंगोलिंटेवडा फाइनल में नहीं पहुंच सके। भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम क्वार्टर फाइनल में और पहलवान अनंत पंघाल प्री-क्वार्टर फाइनल में हार गए।