Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

PBKS vs KKR: पहली जीत के लिए पंजाब के खिलाफ उतरेगी कोलकाता, मैच पर मंडरा रहा बारिश का खतरा?

April 6, 2026

PBKS vs KKR: पहली जीत के लिए पंजाब के खिलाफ उतरेगी कोलकाता, मैच पर मंडरा रहा बारिश का खतरा?

PBKS vs KKR: आईपीएल 2026 का 12वां मुकाबला कोलकाता नाइड राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच सोमवार यानी आज शाम कोलकाता के इडेन गार्डन्स में खेला जाएगा। अपने घरेलू मैदान में पंजाब किंग्स को हराकर 2 अंक लेना केकेआर के लिए बड़ी चुनौती है।

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। केकेआर अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाकर अंकतालिका में नौवें स्थान पर मौजूद है। केकेआर को अपने पहले मुकाबले में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अपने घरेलू मैदान इडेन गार्डन्स में केकेआर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रन से हारी थी। ऐसे में पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाला सीजन का तीसरा मुकाबला केकेआर के लिए बेहद अहम है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब को हराकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी।

PBKS में मैच विनर्स की भरमार
पंजाब किंग्स को हराना केकेआर के लिए आसान नहीं होने वाला है। पंजाब सीजन के अपने दोनों मुकाबले जीतकर अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। पंजाब की बल्लेबाजी विस्फोटक है तो गेंदबाजी घातक है। बल्लेबाजी में पंजाब की ताकत दोनों ओपनर (प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह) के साथ ही कूपर कोनोली और श्रेयस अय्यर हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, विजय कुमार वैशाक और युजवेंद्र चहल हैं। मार्को जानसेन और मार्क्स स्टॉयनिस टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी को संतुलित बनाते हैं। इस तरह पंजाब की टीम बेहद संतुलित और मजबूत है।

ये भी पढ़ें- IPL 2026 Points Table: RCB ने अंकतालिका में मचाई उथल-पुथल, जानें किसके पास है ऑरेंज और पर्पल कैप

 

KKR की कमजोर गेंदबाजी
केकेआर को अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही क्षेत्र में सुधार की जरूरत है। बल्लेबाजी में कप्तान रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के अलावा कुछ हद तक रिंकू सिंह के बल्ले से रन आए हैं। वहीं गेंदबाजी कमजोर है। पंजाब के खिलाफ केकेआर को टीम के रूप में दमदार प्रदर्शन ही 2 अंक दिला पाएगा।

ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट
पिच की बात करें तो ईडन गार्डन्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। तेज आउटफील्ड के कारण रन बनाना आसान रहता है। यहां की सतह सपाट होती है और गेंद अच्छे से बल्ले पर आती है, जिससे बल्लेबाज खुलकर खेल पाते हैं। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और स्पिन गेंदबाज असर दिखाने लगते हैं। छोटी बाउंड्री और ओस के कारण यहां लक्ष्य का पीछा करना अक्सर आसान होता है।

ये भी पढ़ें- आज का मौसम: इन राज्यों के लिए अगले 72 घंटे भारी! आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी

 

बारिश होने के आसार
मौसम का मिजाज केकेआर और पीबीकेएस को परेशान कर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, केकेआर-पीबीकेएस मुकाबले पर मौसम का असर पड़ सकता है। शहर में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है और बारिश होने के आसार हैं। बारिश के साथ ही तेज हवाएं और आंधी-तूफान भी मैच में रुकावट डाल सकते हैं। शाम 7:00 बजे से 8:00 बजे के बीच बारिश की संभावना 40 प्रतिशत है, जो अगले घंटे में बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगी और रात में धीरे-धीरे कम हो जाएगी। ऐसे हालात में मैच छोटा किए जाने की संभावना बढ़ जाती है।

KKR का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें केकेआर का पलड़ा भारी है। केकेआर ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पंजाब किंग्स ने 13 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला रद्द हो गया था।

KKR की संभावित प्लेइंग इलेवन:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), सी ग्रीन, आरके सिंह, रमनदीप सिंह, एसपी नरेन, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी।

PBKS की संभावित प्लेइंग:
प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, एस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, एम जानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाख, युजवेंद्र चहल।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें