Site icon Dainik Savera Times

धमाकों के साए में फंसीं PV Sindhu भारत लौटीं, एयरपोर्ट स्टाफ का जताया आभार

PV Sindhu

PV Sindhu

खेल डेस्क। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी PV Sindhu (पीवी सिंधु) पिछले कुछ दिनों से दुबई में फंसी हुई थीं, लेकिन अब वह सुरक्षित भारत लौट आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करके अपने सुरक्षित घर पहुंचने की जानकारी दी। सिंधु ने बताया कि वह बेंगलुरु स्थित अपने घर वापस आ गई हैं और अब पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ दिन उनके लिए बहुत मुश्किल और अनिश्चितता से भरे रहे। हालांकि, अब घर लौटकर वह राहत महसूस कर रही हैं और सभी का धन्यवाद कर रही हैं जिन्होंने इस कठिन समय में उनका साथ दिया।

ऑल इंग्लैंड ओपन खेलने जा रही थीं सिंधु
सिंधु 3 मार्च से शुरू होने वाले प्रतिष्ठित टूर्नामेंट All England Open में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड के बर्मिंघम जा रही थीं। यह बैडमिंटन का एक बेहद बड़ा और ऐतिहासिक टूर्नामेंट है, जिसमें दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेते हैं। लेकिन यात्रा के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए। खबरों के मुताबिक, इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। इसके चलते यूएई का एयर स्पेस कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। इसी वजह से सिंधु दुबई में फंस गईं और आगे की यात्रा नहीं कर सकीं। वह 28 फरवरी से दुबई में ही रुकी हुई थीं।

 

दुबई एयरपोर्ट स्टाफ का जताया धन्यवाद
भारत लौटने के बाद सिंधु ने दुबई एयरपोर्ट की टीम और वहां के अधिकारियों का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्राउंड स्टाफ, दुबई अथॉरिटी, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन अधिकारियों और हर उस व्यक्ति ने उनकी बहुत मदद की, जिन्होंने इस मुश्किल समय में आगे बढ़कर उनका ध्यान रखा। सिंधु ने कहा कि ऐसे समय में मिली हमदर्दी और प्रोफेशनल रवैया शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अभी वह कुछ समय आराम करेंगी, खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से रीसेट करेंगी और फिर आगे की योजना तय करेंगी।

धमाकों की आवाज सुनाई देने की जानकारी
दुबई में फंसे रहने के दौरान सिंधु ने सोशल मीडिया पर वहां के हालात के बारे में भी जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि दुबई एयरपोर्ट के पास धमाके जैसी आवाजें सुनाई दी थीं, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया था। इस कारण वहां फंसे यात्रियों में चिंता का माहौल बन गया था।

ऑल इंग्लैंड ओपन में भारत की उम्मीदें बरकरार
हालांकि सिंधु इस बार ऑल इंग्लैंड ओपन में हिस्सा नहीं ले पाएंगी, लेकिन भारत के अन्य खिलाड़ी टूर्नामेंट में खेलेंगे। कुछ भारतीय शटलर अलग-अलग रास्तों से होते हुए समय पर बर्मिंघम पहुंच गए। भारत के शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी Lakshya Sen इस टूर्नामेंट में भारत की बड़ी उम्मीद हैं। उनका मुकाबला दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के Shi Yuqi से होगा। इसके अलावा युवा खिलाड़ी Ayush Shetty भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। पहले राउंड में उनका मुकाबला इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से होगा।

 

Exit mobile version