Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

दुबई एयरपोर्ट पर फंसीं पीवी सिंधु, सोशल मीडिया पर लिखा, हालात हर घंटे और डरावने होते जा रहे हैं

March 1, 2026

दुबई एयरपोर्ट पर फंसीं पीवी सिंधु, सोशल मीडिया पर लिखा, हालात हर घंटे और डरावने होते जा रहे हैं

खेल डेस्क। भारत की दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु शनिवार को दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं। वह इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर जा रही थीं, जहां उन्हें मशहूर All England Open Badminton Championships में हिस्सा लेना था। लेकिन इसी दौरान ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई फ्लाइट्स रोक दी गईं, जिसकी वजह से सिंधु की यात्रा बीच में ही रुक गई।

क्यों रोकी गईं फ्लाइट्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान और यूएस-इजरायल के बीच हालात अचानक खराब हो गए। सुरक्षा कारणों से कई जगहों पर एयरस्पेस बंद कर दिया गया और उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। इसी वजह से दुबई एयरपोर्ट पर कई यात्री फंस गए, जिनमें पीवी सिंधु और उनकी टीम भी शामिल हैं।

सोशल मीडिया पर दिया अपडेट
दुबई में फंसने के बाद पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि, “अभी जो कुछ हो रहा है, उसे समझना बहुत मुश्किल है। ऊपर से इंटरसेप्शन की खबरें सुनना और यह देखना कि हालात कितनी तेजी से बिगड़ रहे हैं, यह सब सच में डराने वाला है। सोशल मीडिया पर कई परेशान करने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं, और दुख की बात है कि यही सच्चाई है।”

 

दुबई से खास लगाव…
सिंधु ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि दुबई उनके लिए एक खास जगह है। उन्होंने कहा, “दुबई एक ऐसा शहर है जिसे मैं बहुत पसंद करती हूं। यह हमेशा सुरक्षित और खुशहाल लगता है। ऐसे में यहां इस तरह के हालात देखना और भी ज्यादा मुश्किल है।”

एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल
सिंधु ने बताया कि दुबई एयरपोर्ट पर इस समय अफरा-तफरी मची हुई है। कई परिवार वहां फंसे हुए हैं और अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, “जो लोग मुझे मैसेज कर रहे हैं और मेरी चिंता कर रहे हैं, उनका धन्यवाद। मैं अपनी टीम के साथ दुबई में सुरक्षित हूं। हम सब ठीक हैं। हालात लगातार बदल रहे हैं, इसलिए बस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही सब सामान्य हो जाए और हम यहां से निकल सकें।”

शांति की अपील
अपने संदेश के अंत में सिंधु ने कहा कि ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी कितनी नाज़ुक है। उन्होंने सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि हालात जल्द बेहतर होंगे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें