
शिमला: विश्व कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रही रेणुका सिंह ठाकुर को रेलवे ने अधिकारी नियुक्त किया है। उनके साथ स्नेह राणा व प्रतिका रावल को भारतीय रेलवे में ऑफिसर आन स्पेशल ड्यूटी स्पोर्ट्स (ओएसडी) के पद पर नियुक्त किया गया है। हिमाचल की बेटी रेणुका फिलहाल उत्तरी रेलवे में जूनियर क्लर्क के रूप में सेवा दे रही थीं। अब रेल मंत्रलय ने रेणुका सिंह को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन देते हुए ग्रुप बी गजटेड अधिकारी बना दिया है। उन्हें क्लर्क से ओएसडी यानी ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी नियुक्त किया गया है।
बता दें कि हिमाचल सरकार रेणुका के लिए 1 करोड़ की घोषणा कर चुकी है। जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बधाई देने व इनाम की जानकारी देने के लिए उन्हें कॉल किया तो रेणुका ने मुख्यमंत्री सुक्खू से एक दरख्वास्त की थी कि उनके लिए नौकरी के बारे में भी सोचा जाए। फिलहाल प्रदेश सरकार की ओर से इस बारे में कोई घोषणा नहीं हुई है लेकिन केंद्र सरकार ने रेणुका को प्रमोशन का तोहफा दिया है। वहीं बीसीसीआई ने भी टीम को 51 करोड़ दिए हैं। ऐसे में टीम को मिलने वाली कुल राशि 91 करोड़ हो जाती है। इतनी राशि में हर खिलाड़ी के हिस्से में लगभग 4 से 5 करोड़ रुपए आएंगे।