Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

कोहली, वार्नर के साथ लिस्ट में जुड़ा साई सुदर्शन का नाम, 759 रनों के साथ बनाया ये रिकॉर्ड

May 31, 2025

कोहली, वार्नर के साथ लिस्ट में जुड़ा साई सुदर्शन का नाम, 759 रनों के साथ बनाया ये रिकॉर्ड

Sai Sudarshan : चंडीगढ़ में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला गया, जिसमें मुंबई ने 20 रन से जीत दर्ज की। इसके साथ ही मुंबई ने क्वालीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है। खिताबी मुकाबले के लिए मुंबई का सामना 1 जून को अहमदाबाद में पंजाब किंग्स से होगा। जीटी भले ही इस नॉकआउट मैच को जीत न पाई हो, लेकिन उसके ओपनर साई सुदर्शन ने जबरदस्त पारी खेली।

साई सुदर्शन ने बनाया रिकॉर्ड-
साई सुदर्शन ने 49 गेंदों में 1 छक्के और 10 चौकों की मदद से 80 रनों की पारी खेली, जिससे वह एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर आ गए हैं। सुदर्शन ने IPL-2025 में अब तक 15 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 54.21 की औसत से 759 रन बनाए हैं। इस दौरान साई सुदर्शन ने 1 शतक और 6 अर्धशतक जड़े हैं।

किंग कोहली का नाम टॉप पर-
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने साल 2016 में 16 मैचों में 973 रन बनाए थे। कोहली ने उस सीजन में 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं, जिन्होंने साल 2023 में 890 रन बनाए, जबकि जोस बटलर साल 2022 में 863 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं। डेविड वॉर्नर 848 रनों के साथ इस मामले में चौथे नंबर पर हैं।

एलिमिनेटर मैच में मुंबई की परफॉर्मेंस-
30 मई को खेले गए एलिमिनेटर मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए थे। इस दौरान रोहित शर्मा ने 81 रनों की पारी खेली, जबकि जॉनी बेयरस्टो ने टीम के खाते में 47 रनों का योगदान दिया। विरोधी टीम की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर को 2-2 सफलता मिली।

3 जून को खिताबी मुकाबला-
जवाब में गुजरात निर्धारित 20 ओवर में 208/6 से आगे नहीं बढ़ सका। टीम के लिए साई सुदर्शन ने 80 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन टीम के खाते में जोड़े, लेकिन टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। IPL-2025 का खिताबी मुकाबला 3 जून को अहमदाबाद में खेला जाना है, जिसमें आरसीबी पहले ही अपनी जगह बना चुकी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें