Sam Constas: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के बाहर चल रहे युवा सलामी बल्लेबाज सैम कोंस्टास का कहना है कि वह नेशनल टेस्ट टीम में एक बेहतर खिलाड़ी के तौर पर लौटना चाहते हैं। कोंस्टास ने कहा है कि उनका खेल पहले के मुकाबले तकनीकी, रणनीतिक और मानसिक तौर पर बदला है।
सैम कोंस्टास ने इस सप्ताह शेफील्ड शील्ड सीजन का अपना दूसरा शतक लगाया है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 173 रन की पारी खेल कोंस्टास ने राष्ट्रीय टीम में अपनी वापसी की कोशिशों को और मजबूत किया है। न्यू साउथ वेल्स की तरफ से खेलते हुए दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इस सीजन में 85.20 की औसत 426 रन बनाए हैं, और सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
पिछले अनुभवों से मिली सीख
युवा खिलाड़ी ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बहुत अलग है। मैं अपने पिछले अनुभवों से सीख रहा हूं और फिर जब मैं बैटिंग करता हूं तो बस एक योजना बनाने की कोशिश करता हूं। मैं अभी भी गेम को संभाल रहा हूं और मेरा इरादा अच्छा है, लेकिन यह भी समझ रहा हूं कि दबाव कब झेलना है। मुझे लगता है कि ज्यादा रेड-बॉल क्रिकेट खेलने की यही खूबसूरती है, और खासकर इंडिया में ऑस्ट्रेलिया ए के साथ भी। मैंने वहां से बहुत कुछ सीखा।”
खराब प्रदर्शन की वजह से टीम से हुए बाहर
कोंस्टास को जब पिछली बार मौका मिला था, तो वह 10 टेस्ट पारियों में 16.30 की औसत से रन बना सके थे और टीम से बाहर हो गए थे। हालांकि, कोंस्टास का कहना है कि टीम से बाहर होने के बाद भी उनके आत्मविश्वास पर कोई असर नहीं पड़ा।
टॉप लेवल पर खेलना चाहतें है कोंस्टास
उन्होंने कहा, “मैं उन मौकों के लिए शुक्रगुजार था और मुझे लगता है कि अगर मैं वहां वापस जाता हूं तो मुझे पता है कि क्या करना है और अपनी स्किल्स पर भरोसा करना है। मैं टॉप लेवल पर खेलना चाहता हूं, और मेरे लिए बस शील्ड में रन बनाना है और फिर देखना है कि क्या होता है। मुझे लगता है कि मैं अच्छी तरह से मूव कर रहा हूं। मैं अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलकर खुश हूं। खासकर जब आप अच्छी तरह से मूव कर रहे होते हैं, तो आप बस कैश इन करने की कोशिश कर रहे होते हैं।”
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में कोंस्टास को जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है।

