Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sanju Samson: अभिषेक और वैभव को लेकर साफ बोले संजू सैमसन, ‘चुनौती के तौर पर नहीं देखता’

September 16, 2026

Sanju Samson: अभिषेक और वैभव को लेकर साफ बोले संजू सैमसन, ‘चुनौती के तौर पर नहीं देखता’

Sanju Samson: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने मंगलवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में शानदार अर्धशतक जड़ा। उनकी आक्रामक पारी ने टीम को मजबूती दी। पहले टी20 में 8 गेंदों पर 10 रन बनाने वाले सैमसन ने इस मुकाबले में 22 गेंदों पर 4 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 57 रन बनाए।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैमसन से टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी से मिल रही प्रतिस्पर्धा को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण है, लेकिन सभी खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उनका मुख्य लक्ष्य भारत को जीत दिलाना है। उन्होंने कहा कि टॉप ऑर्डर के सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वह सिर्फ उन्हीं चीजों पर ध्यान दे सकते हैं, जो उनके नियंत्रण में हैं।

ये भी पढे़ं :https://dainiksaveratimes.com/sports/nitish-reddy-best-all-rounder-t20-sports-news/

सैमसन ने आगे कहा कि यह परिस्थिति टीम मैनेजमेंट, कप्तान, कोच और चयनकर्ताओं सभी के लिए मुश्किल है, क्योंकि टीम में कई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके मुताबिक, हर खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने का उचित मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह अपने साथी खिलाड़ियों के साथ सकारात्मक रवैया रखने की कोशिश करते हैं। मैदान के बाहर वे भले ही प्रतिस्पर्धी नजर आएं, लेकिन टीम के अंदर सभी एक साथ हैं और देश के लिए खेल रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी को लेकर सैमसन ने कहा कि 15 साल का खिलाड़ी आईपीएल में 700-800 रन बनाकर आता है और उसके बाद भी शानदार प्रदर्शन करता है तो उसे मौका मिलना स्वाभाविक है। उन्होंने बताया कि वैभव ने अच्छा प्रदर्शन किया था, जबकि वह खुद 2-3 मुकाबलों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। टीम उस सीरीज में जीत हासिल करना चाहती थी, इसलिए नेतृत्व के नजरिए से वह इस फैसले को समझते हैं। सैमसन ने कहा कि आईपीएल में कप्तानी करते हुए वह खुद भी ऐसी परिस्थितियों का सामना कर चुके हैं।

सैमसन ने बताया कि ऐसे मामलों में खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट के बीच बातचीत काफी जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि हेड कोच के साथ इस मुद्दे पर जरूरी चर्चा हुई थी और इंग्लैंड सीरीज के दौरान भी काफी संवाद किया गया था। मौजूदा सीरीज से पहले भी इस विषय पर बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि नेतृत्व समूह टीम को सबसे ऊपर रखते हुए कई कठिन फैसले ले रहा है और इसके लिए पूरी लीडरशिप टीम को श्रेय दिया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है। अब सबकी नजरें सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले पर हैं, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि वैभव को टीम में जगह मिलती है या नहीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें