Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

टीम की बल्लेबाजी से संतुष्ट, हर मैच में सभी खिलाड़ी नहीं चल सकते: अमित आनंद

April 30, 2023

टीम की बल्लेबाजी से संतुष्ट, हर मैच में सभी खिलाड़ी नहीं चल सकते: अमित आनंद

नयी दिल्ली: मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी और हैरी ब्रूक जैसे बल्लेबाजों के योगदान के बिना भी सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में यहां बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को नौ रन से शिकस्त दी। टीम के मुख्य बल्लेबाजों के विफल रहने के बावजूद सनराइजर्स के बल्लेबाजी कोच हेमंग बदानी अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन से संतुष्ट दिखे।

सलामी बल्लेबाज अभिषेक की 36 गेंद में 67 रन और क्लासेन की 27 गेंद में नाबाद 53 रन की पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 197 रन बनाने के बाद दिल्ली की पारी को छह विकेट पर 188 रन पर रोक दिया।मयंक, राहुल और ब्रूक के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी के बारे में पूछे जाने पर बदानी ने शनिवार को कहा, ‘‘ यह लय हासिल करने और गेंद और बल्ले का सही संपर्क होने के बारे में है। मेरा मानना है कि एक मैच में बेहतर पारी से इसे हासिल किया जा सकता है। ’

उन्होंने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ मुझे पूरा विश्वास है कि हैरी विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में से एक होगा। मयंक कई वर्षों से आईपीएल में है। उन्होंने पंजाब किंग्स का नेतृत्व किया है। इस टूर्नामेंट में उनका कद बड़ा है। यह समय की बात है और वह बड़ी पारी के करीब है।’’ बदानी टीम की समग्र बल्लेबाजी से प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा, ‘‘आप किसी भी कोच से पूछेंगे तो वह इस स्कोर (197 रन) से काफी खुश होगा। अगर आप अन्य टीमों को भी देखें तो बड़े स्कोर में उसके सभी पांच या छह बल्लेबाज रन नहीं बनाते हैं। हमेशा दो या तीन बल्लेबाज ही बड़ी पारियां खेलते हैं।’’

इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा, ‘‘हमने मैच में जो जज्बा दिखाया वह मुझे अच्छा लगा। मुझे लगता है कि पूरे सत्र में शायद दूसरी बार ही हमने पावरप्ले में लगभग 60 रन बनाए हैं।’’ मिशेल मार्श (63) और फिल साल्ट (59) की दूसरे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स की टीम जीत की ओर बढ़ रही थी। बदानी ने कहा कि स्ट्रेजिक टाइम आउट के दौरान उनकी टीम ने गेंदबाजी योजना में बदलाव किया जो कारगर साबित हुआ।

बदानी ने कहा, ‘‘ अगर मैं कहूं कि इस साझेदारी को देख कर हम चिंतित नहीं थे तो यह झूठ होगा। टाइम आउट के दौरान हमने गेंदबाजों को संदेश दिया कि गेंद थोड़ी आगे की ओर टप्पा कराये और उसकी गति को कम करें। हमने स्पिनरों को गेंद को अधिक स्पिन करने के लिए कहा था।’’उन्होंने कहा, ‘‘ बड़े स्कोर वाले मैचों में जब आप साझेदारी तोड़ते हो तो एक साथ कई विकेट गिर जाते है और आज यही हुआ।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें