Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Smriti Mandhana एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय दोनों रैंकिंग में शीर्ष तीन में पहुंची

December 17, 2024

Smriti Mandhana एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय दोनों रैंकिंग में शीर्ष तीन में पहुंची

Smriti Mandhana : भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन की बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की मंगलवार को जारी नवीनतम महिला एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिग में तीन स्थान के फायदे से दूसरे जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में एक स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर पहुंच गईं। बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के अंतिम मैच में 105 रन की पारी खेली जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को मुंबई में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 54 रन बनाए।

मंधाना एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिग में शीर्ष 10 में एकमात्र भारतीय हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर दो स्थान के नुकसान से 13वें जबकि हरलीन देओल नौ स्थान के फायदे से 64वें स्थान पर हैं।गेंदबाजी रैंकिग में दीप्ति शर्मा दो स्थान के नुकसान से पांचवें पायदान पर हैं। भारतीय तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी 48 स्थान की लंबी छलांग के साथ 51वें स्थान पर पहुंच गई हैं जबकि रेणुका ठाकुर 28वें से संयुक्त 26वें स्थान पर पहुंच गई हैं। इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट दो स्थान के फायदे से 11 स्थान पर हैं।

उन्होंने नाबाद 65 रन की पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला 2-1 से जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। पर्थ में 50 रन बनाने वाली एशलेग गार्डनर 16वें से 15वें स्थान पर पहुंच गई हैं जबकि ताहलिया मैकग्रा आठ स्थान के फायदे से 24वें स्थान पर हैं। अनाबेल सदरलैंड 15 स्थान के फायदे से 29वें पायदान पर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 110 रन की मैच विजयी पारी खेली थी।

गार्डनर गेंदबाजी रैंकिग में भी दो स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर हैं जो उनके करियर की पिछली सर्वश्रेष्ठ रैंकिग भी है। वह ऑलराउंडर की सूची में भी चौथे से दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। दक्षिण अफ्रीका की मारिजेन कैप दो स्थान के फायदे से चौथे स्थान पर हैं जबकि इंग्लैंड की चार्ली डीन (दो स्थान के फायदे से सातवें स्थान पर), नैट स्किवर ब्रंट (एक स्थान के फायदे से 16वें स्थान पर) और लॉरेन बेल (चार स्थान के फायदे से 21वें स्थान पर) की तिकड़ी को भी फायदा हुआ है।

दूसरी तरफ टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिग में हरमनप्रीत की शीर्ष 10 में वापसी हुई है। जेमिमा वेस्टइंडीज के खिलाफ 73 रन की पारी खेलकर छह स्थान के फायदे से 15वें स्थान पर हैं। गेंदबाजी रैंकिग में दीप्ति दो स्थान के फायदे से दूसरे पायदान पर हैं जबकि टिटास साधु 52वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन भारत के खिलाफ अर्धशतक जड़ने के बाद 21 स्थान के फायदे से 59वें पायदान पर हैं। बल्लेबाजी रैंकिग में कियाना जोसेफ (22 स्थान के फायदे से 65वें स्थान) और गेंदबाजी रैंकिग में करिशमा रामहरक (छह स्थान के फायदे से 20वें स्थान पर) को भी फायदा हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें