अहमदाबाद : साऊथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 वल्र्ड कप 2026 के 24वें मुकाबले में 7 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इसी के साथ साऊथ अफ्रीका ने टूर्नामैंट में जीत की हैट्रिक लगा दी है। अफ्रीका ने अपने पहले मैच में कनाडा को 57 रन से हराया था, जिसके बाद अफगानिस्तान के विरुद्ध रोमांचक मुकाबले के दूसरे सुपर ओवर में जीत हासिल की थी। ये टीम ग्रुप-डी की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर है, जबकि 3 में से 2 मैच जीतकर न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर है।
शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इस टीम को टिम सिफर्ट और फिन एलन की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.2 ओवरों में 33 रन जुटाए। सिफर्ट 9 गेंदों में 2 बाउंड्री के साथ 13 रन बनाकर आऊट हुए, जिसके बाद रचिन रवींद्र ने फिन एलन के साथ दूसरे विकेट के लिए 12 गेंदों में 24 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 57 के स्कोर तक पहुंचाया।
रचिन 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि फिन एलन ने 17 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 31 रन की पारी खेली। यह टीम 64 के स्कोर तक 4 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद डेरिल मिचेल ने मार्क चैपमैन के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 गेंदों में 74 रन जुटाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। मार्क चैपमैन 26 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 48 रन बनाकर आऊट हुए, जबकि मिचेल ने 32 रन की पारी खेली। इनके अलावा जेम्स नीशम ने नाबाद 23 रन टीम के खाते में जोड़े।
विपक्षी खेमे से मार्को यानसेन ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि लुंगी एनगिडी, केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश ने 1-1 सफलता प्राप्त की। दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम को कप्तान एडेन मार्करम और ¨क्वटन डि कॉक की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 4.4 ओवरों में 62 रन की साझेदारी की। ¨क्वटन 20 रन बनाकर आऊट हुए, जिसके बाद मार्करम ने रयान रिकेल्टन के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 100 के पार पहुंचा दिया।
रयान ने 21 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जिसके बाद मार्करम ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ 29 रन जुटाते हुए टीम को 131 के स्कोर तक पहुंचाया। ब्रेविस 21 रन का योगदान देकर पवेलियन लौटे, जहां से मार्करम ने डेविड मिलर के साथ 47 रन की अटूट साझेदारी करते टीम को जीत दिलाई। मिलर 24 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मार्करम ने 44 गेंदों में 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 86 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से लॉकी फग्र्यूसन, जेम्स नीशम और रचिन रवींद्र ने 1-1 सफलता हासिल की।
मेष: दिन शुभ रहेगा...