Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

खेलमंत्री मांडविया ने हॉकी विश्व कप में प्रदर्शन की समीक्षा बैठक में कहा, हार को भुलाकर आगे बढें

September 8, 2026

खेलमंत्री मांडविया ने हॉकी विश्व कप में प्रदर्शन की समीक्षा बैठक में कहा, हार को भुलाकर आगे बढें

नई दिल्लीः खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने नीदरलैंड और बेल्जियम में हाल ही में हुए हॉकी विश्व कप के बाद समीक्षा बैठक में कप्तानों और कोचों से हार की बजाय उसके कारणों पर फोकस करके एशियाई खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिये कहा।

सू्त्रों के अनुसार सोमवार को खेलमंत्री ने पुरूष टीम के कोच क्रेग फुल्टोन, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, महिला टीम के कोच शोर्ड मारिन और कप्तान सलीमा टेटे के साथ बैठक में विश्व कप में प्रदर्शन की समीक्षा की और कमियों का पता लगाकर उन्हें दूर करने पर फोकस करने के लिये कहा। मंत्रालय के सूत्र ने बताया ,” करीब एक घंटे तक साइ मुख्यालय में हुई बैठक में खेलमंत्री ने दोनों टीमों के कप्तानों और कोचों के अलावा हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों से बात की । उन्होंने विश्व कप की निराशा को भुलाने और एशियाई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करके लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने का लक्ष्य रखने के लिये कहा।’ सूत्र ने कहा ,” खेलमंत्री ने दोनों टीमों से कहा कि बेंगलुरू स्थित साइ सेंटर में सारी सुविधायें उपलब्ध हैं लेकिन पदक जीतने के लिये अगर किसी और चीज की भी जरूरत है तो सरकार मदद के लिये तैयार है । उन्होंने यह भी कहा कि कुछ खिलाड़ियों पर निर्भर रहने की बजाय एक टीम के रूप में अच्छे प्रदर्शन का लक्ष्य होना चाहिये।”

बैठक में खेल सचिव हरिरंजन राव, हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह , टॉप्स सीईओ एनएस जोहल के अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। नीदरलैंड और बेल्जियम में 15 से 30 अगस्त तक हुए विश्व कप में भारतीय पुरूष टीम निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आठवें स्थान पर रही । विश्व कप में 51 साल बाद पदक जीतने की उम्मीद के साथ गई हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ग्रुप चरण में वेल्स और पाकिस्तान पर ही जीत दर्ज कर सकी।

वहीं महिला टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया जो 1974 में पहले विश्व कप के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है । पूरे टूर्नामेंट में महिला टीम एकमात्र मैच सह मेजबान नीदरलैंड से हारी लेकिन आस्ट्रेलिया से गोलरहित ड्रॉ के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई थी । क्लासीफिकेशन मैच में अपने से ऊंची रैंकिंग वाली जर्मनी को हराकर भारत ने पांचवां स्थान हासिल किया ।

टूर्नामेंट के दौरान ही महिला हॉकी खिलाड़ियों ने हॉकी इंडिया लीग को बचाने की अपील भी की थी । ऐसी खबरें हैं कि कुछ फ्रेंचाइजी के हाथ खींचने से लीग के भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं ।

सूत्र ने बताया ,”खेलमंत्री ने लीग को लेकर भी हॉकी इंडिया पदाधिकारियों से बात की और कहा कि जिस तरह फुटबॉल में आईएसएल को लेकर प्रयास किया गया, उसी तरह से हॉकी इंडिया लीग को भी खत्म नहीं होने देना है और इसके लिये हरसंभव प्रयास करना है।” हॉकी के अलावा भारतीय बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों से भी खेलमंत्री ने मुलाकात की । पिछले महीने दिल्ली में विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप आयोजित की गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें