Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sri Lanka vs Bangladesh : श्रीलंका ने बंगलादेश को पारी और 78 रन से हराया, सीरीज 1-0 से जीती

June 29, 2025

Sri Lanka vs Bangladesh : श्रीलंका ने बंगलादेश को पारी और 78 रन से हराया, सीरीज 1-0 से जीती

कोलंबो : प्रभात जयसूर्या ने श्रीलंका को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राऊंड में खेले गए दूसरे टैस्ट मैच में बंगलादेश पर पारी और 78 रन से जीत दिलाई। उन्होंने चौथे दिन शनिवार को आधे घंटे के भीतर मैच समाप्त कर दिया और 1-0 से सीरीज पर कब्जा कर लिया। बाएं हाथ के स्पिनर को टर्निग ट्रैक पर खेलना मुश्किल था, उन्होंने दूसरी पारी में 56 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि बंगलादेश की टीम दूसरी पारी में 133 रन पर ढेर हो गई। सुबह 6 विकेट पर 115 रन से आगे खेलने उतरी बंगलादेश को मुकाबले को आगे बढ़ाने के लिए चमत्कार की जरूरत थी।

जयसूर्या ने सुनिश्चित किया कि कोई राहत न मिले, उन्होंने दिन के अपने पहले ओवर में लिटन दास को 14 रन पर आऊट कर दिया। उन्होंने बल्लेबाजों के इर्द-गिर्द अपना जाल बुनना जारी रखा और लगातार ओवरों में नईम हसन और तैजुल इस्लाम को आऊट किया। यह जीत मेजबान टीम के शानदार ऑलराऊंड प्रदर्शन की बदौलत मिली। बंगलादेश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन शादमान इस्लाम के 46 रन के बावजूद वे अपनी पहली पारी में केवल 247 रन ही बना सके। श्रीलंका के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें डेब्यू करने वाले सोनल दिनुशा (22 रन पर 3 विकेट) और असिथा फर्नाडो (51 रन पर 3 विकेट) ने बढ़त बनाई।

श्रीलंका के बल्लेबाजों ने दमदार खेल दिखाया। पाथुम निसांका ने 158 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें कुसल मैंडिस ने 87 गेंदों पर 84 रन और दिनेश चांडीमल ने 93 रन की पारी खेली। मेजबान टीम ने 458 रन बनाए और 211 रन की बढ़त हासिल की। तैजुल इस्लाम ने 131 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जो बंगलादेश के गेंदबाजों के लिए एक बेहतरीन प्रयास था। बंगलादेश की दूसरी पारी कभी भी आगे नहीं बढ़ पाई। तीसरे दिन चाय के समय अनामुल हक के आऊट होने से विकेटों का पतन शुरू हो गया। इसके बाद जयसूर्या, रत्नायके और कप्तान धनंजय डी सिल्वा (24 रन देकर 2 विकेट) की स्पिन तिकड़ी ने लगातार विकेट चटकाए। शादमान इस्लाम, नजमुल हुसैन शांतो, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम और मेहदी हसन सभी सस्ते में आऊट हो गए, जो लगातार दबाव का सामना करने में असमर्थ थे। मैच में उनके 5 विकेट लेने की बदौलत श्रीलंका ने घरेलू मैदान पर अपना अजेय अभियान जारी रखा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें