Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sunil Chhetri ने महिला फुटबॉल टीम को दी प्रेरणा, बेंगलुरु शिविर में बढ़ाया उत्साह

May 18, 2025

Sunil Chhetri ने महिला फुटबॉल टीम को दी प्रेरणा, बेंगलुरु शिविर में बढ़ाया उत्साह

बेंगलुरु: भारतीय फुटबॉल के दिग्गज और सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने शनिवार को बेंगलुरु स्थित पादुकोण-द्रविड़ सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में चल रहे महिला राष्ट्रीय फुटबॉल शिविर का दौरा किया। इस मुलाकात ने महिला खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया, जो आगामी एएफसी महिला एशियन कप 2026 क्वालीफायर की तैयारी में जुटी हैं।

छेत्री के स्वागत में महिला टीम ने एक खास तोहफा दिया टीम के सभी खिलाड़ियों द्वारा हस्ताक्षरित भारतीय जर्सी। इस भावुक क्षण में छेत्री ने टीम से बात की और उन्हें खेल के प्रति समर्पण बनाए रखने की सलाह दी। छेत्री ने कहा, “यह हमेशा प्रेरणादायक होता है जब आप युवा खिलाड़ियों से मिलते हैं, जो देश के लिए कुछ बड़ा करना चाहते हैं। टीम में कई नए चेहरे देखकर अच्छा लगा। इससे यह भी पता चलता है कि मैं अब काफी समय से खेल रहा हूं।”

भारत की महिला टीम इस समय उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों की तैयारी कर रही है, जो 29 मई और 3 जून को बेंगलुरु में खेले जाएंगे। इसके बाद टीम 23 जून से थाईलैंड में शुरू हो रहे एएफसी महिला एशियाई कप 2026 क्वालीफायर में भाग लेगी। महिला टीम ग्रुप बी में है, जहां उनका मुकाबला मंगोलिया (23 जून), तिमोर-लेस्ते (29 जून), इराक (2 जुलाई) और मेज़बान थाईलैंड (5 जुलाई) से होगा।

टीम की कोच क्रिस्पिन छेत्री के नेतृत्व में शिविर में खिलाड़ी तकनीकी और मानसिक दोनों स्तरों पर खुद को तैयार कर रही हैं। छेत्री ने अपने संदेश में खिलाड़ियों से कहा, “आप सभी का एकमात्र लक्ष्य होना चाहिए – खुद में सुधार करना, टीम के साथ सहज रहना और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना। मार्च में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास के संकेत देने के बाद छेत्री ने वापसी की थी और मालदीव तथा बांग्लादेश के खिलाफ अहम मुकाबले खेले। भारत के सबसे सफल गोल स्कोरर का महिला टीम के साथ यह जुड़ाव एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है, जिससे निश्चित रूप से टीम के मनोबल को बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़ें- जालंधर में आज लगेगा 6 घंटे का Power Cut, इन इलाकों में बंद रहेगी बिजली

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें