Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुनील गावस्कर ने कहा, अपने कप्तान की तरह जडेजा बिल्कुल निडर हैं

April 9, 2023

सुनील गावस्कर ने कहा, अपने कप्तान की तरह जडेजा बिल्कुल निडर हैं

मुंबई: पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर को लगता है कि आईपीएल 2023 के मैच में मुंबई इंडियंस पर चेन्नई सुपर किंग्स की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले रवींद्र जडेजा अपने कप्तान एमएस धोनी की तरह बिल्कुल निडर हैं। उनका कहना है कि कोई स्टार जडेजा की कितनी भी तारीफ कर ले, कम है।मुंबई इंडियंस के खिलाफ जडेजा का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ था। उन्होंने तीन विकेट (3/20) लिए और कैमरन ग्रीन का सनसनीखेज कैच लिया।

बाएं हाथ के स्पिनर ने अपनी योजनाओं का शानदार तरीके से निष्पादन किया। उन्होंने इशान किशन (32), कैमरून ग्रीन (12), और तिलक वर्मा (22) के बेशकीमती विकेट लेकर मुंबई इंडियंस की रीढ़ तोड़ दी। उसके बाद अजिंक्य रहाणे ने 19 गेंदों पर 2023 सीजन का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा जिससे सीएसके ने शनिवार की रात मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया।

गावस्कर ने आईपीएल के आधिकारिक टीवी ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘अपने कप्तान की तरह जडेजा बिल्कुल निडर हैं। ग्रीन का कैच असंभव था जिसे उन्होंने संभव बना दिया।’’दूसरी ओर, भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने जडेजा को सुपरहीरो कहा।

हरभजन ने कहा, “रवींद्र जडेजा सही मायने में सुपरहीरो हैं। वह कभी भी गेंद या बल्ले से मैच को अपनी टीम के पक्ष में कर सकते हैं। हर कोई कैमरून ग्रीन का कैच नहीं ले सकता। वह एक खास खिलाड़ी हैं।”इस बीच, भारत के पूर्व कोच और कमेंटेटर रवि शास्त्री ने धोनी की सराहना करते हुए कहा कि सीएसके के कप्तान ने पिच का अच्छी तरह से आकलन कर सही चाल चली।

शास्त्री ने कहा, ‘‘एमएस धोनी ने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों के खिलाफ सेंटनर और जडेजा का बेहतरीन इस्तेमाल किया।’’चार बार की चैंपियन सीएसके बुधवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने अगले आईपीएल 2023 मैच में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें