Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वितोलिना ने अजारेंका को हराया, हाथ नहीं मिलाए

August 1, 2023

स्वितोलिना ने अजारेंका को हराया, हाथ नहीं मिलाए

वाशिंगटन: यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना ने डीसी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को सीधे सेटों में हराने के बाद अपनी इस प्रतिद्वंदी से हाथ नहीं मिलाए।स्वितोलिना ने सोमवार को खेले गए पहले दौर के इस मैच में 7-6 (2), 6-4 से जीत दर्ज की। यूक्रेन में युद्ध के दौरान स्वितोलिना और उनके देश की अन्य खिलाड़ियों ने रूस और बेलारूस की अपनी प्रतिद्वंद्वियों से हाथ मिलाने से परहेज की है। रूस ने फरवरी 2022 में बेलारूस की मदद से यूक्रेन पर हमला किया था और यह युद्ध अभी जारी है।

स्वितोलिना और अजारेंका के बीच मैच से पहले ही दर्शकों को बता दिया गया था कि दोनों खिलाड़ी मैच के बाद एक दूसरे से हाथ नहीं मिलाएंगे। टेनिस में मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ी आपस में हाथ मिलाते हैं लेकिन स्वितोलिना और अजारेंका ने केवल चेयर अंपायर से हाथ मिलाया। स्वितोलिना के इस कदम की कुछ दर्शकों ने सराहना भी की।

स्वितोलिना ने बाद में कहा, ‘‘यह सही फैसला है। मैंने डब्ल्यूटीए से कहा कि वह यूक्रेन के खिलाड़ियों के फैसले का सम्मान करे और उसने ऐसा किया।’’ पहले दौर के अन्य मैचों में गत चैंपियन ल्यूडमिला सैमसोनोवा ने पिछले साल आस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली डेनिएल कोलिन्स को 6-1, 6-3 से हराया।

महिला वर्ग में ही लॉरेन डेविस ने 2017 की यूएस ओपन चैंपियन स्लोएन स्टीफंस को 7-6 (8), 3-6, 6-1 से जबकि मार्टा कोस्त्युक ने 2019 की यूएस ओपन चैंपियन बियांका एंड्रीस्कू को 2-6, 6-3, 7-6 (5) से हराया। पुरुष वर्ग में मैकेंजी मैक्डोनाल्ड ने डिएगो श्वार्ट्जमैन को 6-3, 6-3 से, असलान करातसेव ने किरणपाल पन्नू को 7-6 (3), 6-1 से और अलेक्जेंडर शेवचेंको ने मैक्सिम क्रेसी को 6-3, 7-6 (8) से पराजित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें