Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sydney Test: दूसरे दिन 181 रनों पर सिमटी Australia Team, भारत की बनी बढ़त

January 4, 2025

Sydney Test: दूसरे दिन 181 रनों पर सिमटी Australia Team, भारत की बनी बढ़त

नई दिल्ली: सिडनी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम 181 रनों पर ऑल आउट हो गई। भारत को 4 रनों की मामूली बढ़त मिली है। इस टेस्ट मैच में भारतीय टीम पहली पारी में 185 रनों पर ऑल आउट हुई थी। टीम इंडिया अब दूसरे दिन के टी ब्रेक के बाद दूसरी पारी खेलने के लिए मैदान पर उतरेगी।

पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे अधिक रन ब्यू वेबस्टर ने बनाए। इस खिलाड़ी ने 105 गेंदों में 57 रन बनाए। जिसमें 5 चौके शामिल थे। स्ट्राइक रेट 54.29 का रहा।

ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी टेस्ट में जहां अच्छी गेंदबाजी करते हुए भारत की पहली पारी को 185 रनों पर समेट दिया। वहीं, मेजबानों की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही। पहले दिन के तीसरे सेशन में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर उस्मान ख्वाजा स्लिप में कैच दे बैठे। ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट 9 रनों पर गिरा। दूसरे दिन भी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 15 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने मार्नस लाबुशेन के रूप में दूसरा विकेट खो दिया। इसके बाद तो विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। लेकिन, टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू करने वाले ब्यू वेबस्टर ने एक छोर को थामे रखा।

भारत की ओर से कप्तान जसप्रीत बुमराह ने 10 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने 16 ओवर में 51 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने 15 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट लिए और ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी ने 7 ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने 3 ओवर में 12 रन दिए लेकिन उनके हाथ एक भी सफलता नहीं लगी।

खबर लिखे जाने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में ओपनर केएल राहुल का विकेट खो दिया है। राहुल को 13 रनों के निजी स्कोर पर बोलैंड ने बोल्ड किया। इससे पहले दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने पहले ही ओवर में मिचेल स्टार्क की छह गेंदों पर शानदार चार चौके जड़कर टीम के धमाकेदार शुरुआत दी थी।

ये भी देखें : ‘4 मई TMC के जंगल राज की आखिरी तारीख’, पीएम मोदी का बंगाल में बड़ा हमला 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें