Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup: ‘मोस्का बंधुओं’ की अटूट शतकीय साझेदारी, इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया

February 12, 2026

T20 World Cup: ‘मोस्का बंधुओं’ की अटूट शतकीय साझेदारी, इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया

खेल डेस्क: ‘मोस्का बंधुओं’ की जोड़ी ने अटूट साझेदारी करते हुए इटली को नेपाल के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 17वें मुकाबले में 10 विकेट से शानदार जीत दिलाई। ग्रुप-सी के इस मैच को अपने नाम करते हुए इटली ने जीत का खाता खोला।

इटली ने अपने पिछले मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ 73 रन से हार का सामना किया था, जबकि नेपाल ने इंग्लैंड के विरुद्ध अपने पिछले मैच में 4 रन से करीबी हार झेली थी। इस जीत के साथ इटली की टीम ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि लगातार दूसरी हार के बाद नेपाल सबसे निचले पायदान पर है।

नेपाल की टीम 123 रन पर ही सिमट गई

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी नेपाल की टीम 19.3 ओवरों में महज 123 रन पर ही सिमट गई। इस टीम ने 8 के स्कोर पर कुशल भुर्तेल (5) का विकेट गंवा दिया था। यहां से रोहित पौडेल ने आसिफ शेख के साथ 30 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 49 के स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान रोहित 14 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आसिफ ने 20 गेंदों में 20 रन की पारी खेली।

इन बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद दीपेंद्र सिंह ने आरिफ शेख के साथ चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों में 44 रन जुटाते हुए टीम को शतक के करीब पहुंचाया। दीपेंद्र 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि आरिफ ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। करण केसी ने नाबाद 18 रन बनाए। विपक्षी खेमे से क्रिशन कलुगामागे ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि बेन मानेंटी ने 2 विकेट निकाले। अली हसन, जेजे स्मट्स और जसप्रीत सिंह ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इटली ने नेपाल के खिलाफ 10 विकेट से यादगार जीत दर्ज की

इसके जवाब में इटली ने ‘मोस्का बंधुओं’ के बीच अटूट साझेदारी के साथ नेपाल के खिलाफ 10 विकेट से यादगार जीत दर्ज की। जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने महज 12.4 ओवरों में 124 रन जोड़कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। जस्टिन मोस्का 44 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 60 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि एंथनी ने 32 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए। उनकी इस पारी में 6 छक्के और 3 चौके शामिल थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें