
नई दिल्ली: टी-20 विश्व कप 2024 के बाद गौतम गंभीर को भारतीय टीम का हैड कोच बनाया गया था। गंभीर की कोचिंग में वन डे और टी-20 में भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। टैस्ट क्रिकेट में टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है। घरेलू मैदान पर भारतीय टीम अपने निराशाजनक प्रदर्शन से चौंका रही है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से टैस्ट सीरीज में मिली हार इसका सबसे ताजा उदाहरण है। भारतीय टीम ने अपना पहला टैस्ट 1932 में इंगलैंड के खिलाफ खेला था, वहीं पहली होम टैस्ट सीरीज इंगलैंड के खिलाफ 1933-34 में खेली थी।
उस समय से लेकर अब तक भारतीय टीम को सिर्फ 3 घरेलू टैस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। 2 बार क्लीन स्वीप गौतम गंभीर के हैड कोच बनने के बाद हुई है।
भारतीय टीम को पहली बार दक्षिण अफ्रीका ने 1999-2000 में 2 टैस्ट मैचों की सीरीज में 0-2 से हराया था। घर में पहली बार भारत को क्लीन स्वीप होना पड़ा था। 9 जुलाई 2024 को गौतम गंभीर भारतीय टीम के हैड कोच बने थे। गंभीर की कोचिंग की डेढ़ साल की अवधि में भारतीय टीम का टैस्ट में प्रदर्शन लगातार गिरा है।
टीम 2 बार क्लीन स्वीप का सामना कर चुकी है। भारतीय टीम को अक्तूबर-नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 3 टैस्ट मैचों की सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। उस हार के ठीक एक साल बाद अब दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 0-2 से हरा दिया है। 1932 से लेकर 2024 जुलाई तक भारतीय क्रिकेट में जो सिर्फ 1 बार हुआ था। गंभीर के डेढ़ साल के कार्यकाल में 2 बार हो चुका है। ये आंकड़े बेहद निराशजनक हैं और गंभीर की टैस्ट फॉर्मेट की कोचिंग क्षमता पर सवाल उठाते हैं।
ये भी पढ़ें- Jack Dorsey ने अपनी कंपनी से निकाले 4,000 कर्मचारी, सामने आई ये वजह