Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

आप जितना अधिक दबाव डालेंगे उतना अधिक अच्छा खेल सकते हैं: Suryakumar Yadav

January 8, 2023

आप जितना अधिक दबाव डालेंगे उतना अधिक अच्छा खेल सकते हैं: Suryakumar Yadav

राजकोट: भारत के तेजतर्रार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने कहा कि मैच की तैयारी के दौरान वह खुद को दबाव में रखना पसंद करते हैं। इस 32 वर्षीय बल्लेबाज ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 51 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाकर भारत की 91 रन से जीत की नींव रखी जिससे मेजबान टीम ने श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की। सूर्यकुमार ने आक्रामक पारी खेलने के बाद कहा, ‘‘जब आप मैच की तैयारी कर रहे होते हैं तो खुद पर दबाव बनाना बेहद महत्वपूर्ण होता है। आप जितना अधिक दबाव डालते हैं उतना ही बेहतर खेल सकते हैं। इसमें काफी कड़ी मेहनत होती है। कुछ स्तरीय अभ्यास सत्र भी शामिल होते हैं।’’

सूर्यकुमार ने अपनी पारी में सात चौके और नौ छक्के लगाए जिससे भारत ने पांच विकेट पर 228 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस स्टार बल्लेबाज ने मैदान में चारों तरफ शॉट खेले और उन्होंने अपना स्वाभाविक खेल खेलने का श्रेय मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पीछे की बाउंड्री 59-60 मीटर थी इसलिए मैंने वहां शॉट खेलने की कोशिश की। कुछ शॉट ऐसे होते हैं जो पहले से तय होते हैं लेकिन आपको अन्य शॉट के लिए भी तैयार रहना होता है।’’ सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘ज्यादातर समय मैं गेंद को क्षेत्ररक्षकों के बीच से खेलने की कोशिश करता हूं और क्षेत्ररक्षकों के खड़े होने की स्थिति का फायदा उठाता हूं। द्रविड़ ने मुझे लुत्फ उठाने की आजादी दी और मुझे खुद को जाहिर करने के लिए कहा।’’

मध्य क्रम के इस बल्लेबाज का यह केवल सात महीने में अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में तीसरा शतक था जिससे वह खेल के इतिहास में पहले खिलाड़ी बन गए जिन्होंने बल्लेबाजी का आगाज नहीं करते हुए तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाए। गेंदों का सामना करने के लिहाज से सूर्यकुमार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सबसे तेजी से 1500 रन के आंकड़े तक पहुंचने वाले बल्लेबाज भी बने। मुंबई में जन्में इस बल्लेबाज ने 45 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 46.41 के औसत और 180.34 के स्ट्राइक रेट से 1578 रन बनाए हैं जिसमें तीन शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। सूर्यकुमार ने अपनी पारी के संदर्भ में कहा, ‘‘जिस तरह से पारी चली उससे मैं वास्तव में खुश हूं। मेरे कुछ शॉट पहले से तय थे लेकिन ये ऐसे शॉट हैं जो मैं पिछले एक साल से खेल रहा हूं और मैं कुछ अलग नहीं कर रहा हूं। तो कुछ भी नया नहीं है। यह 2023 में एक नई शुरुआत है और मुझे अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें