लंदन : ओवल आईसीसी वर्ल्ड टैस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2027 के फाइनल की मेजबानी करेगा। ये मुकाबला 9 से 13 जून के बीच खेला जाएगा। ऐसा दूसरी बार होगा, जब यह मैदान चैंपियनशिप का फाइनल होस्ट करेगा। इससे पहले साल 2023 में यहां खिताबी मुकाबला खेला जा चुका है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को शिकस्त दी थी। पिछले साल आईसीसी की सालाना कांफ्रैंस के दौरान, ईसीबी को अगले 3 वर्ल्ड टैस्ट चैंपियनशिप फाइनल (2027, 2029 और 2031) की मेजबानी के अधिकार मिले थे।
डब्ल्यूटीसी फाइनल के शुरुआती 3 संस्करण इंगलैंड के अलग-अलग वेन्यू पर आयोजित हुए थे। लॉर्ड्स ने साल 2025 का फाइनल होस्ट किया था, जिसमें साऊथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से मात दी थी। न्यूजीलैंड ने साल 2021 में साऊथैम्प्टन में भारत को 8 विकेट से हराकर पहला टाइटल जीता था। 2027 का संस्करण ऐतिहासिक रूप से और भी खास होगा, क्योंकि यह टैस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने के जश्न के साथ होगा, जिससे खिताबी मैच की अहमियत और बढ़ जाएगी।
ऑस्ट्रेलिया अभी डब्ल्यूटीसी रैंकिंग में 87.50% अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि मौजूदा चैंपियन साऊथ अफ्रीका 75 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड (72.22), बंगलादेश (58.33) और भारत (48.15) क्रमशः तीसरे, चौथे और 5वें स्थान पर हैं, जबकि श्रीलंका (41.67), इंगलैंड (24.36), वैस्ट इंडीज (15) और पाकिस्तान (8.33) क्रमशः छठे, 7वें, 8वें और 9वें स्थान पर हैं।

