Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

खिलाड़ियों ने इस तरह किया न्यू ईयर का स्वागत, सोशल मीडिया पर शेयर की 2023 की यादें

January 2, 2024

खिलाड़ियों ने इस तरह किया न्यू ईयर का स्वागत, सोशल मीडिया पर शेयर की 2023 की यादें

नयी दिल्ली: बैडमिंटन स्टर पीवी सिंधु, ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह, साइना नेहवाल, पीटी उषा, सचिन तेंदुलकर और मैरी कॉम ने सोमवार को नववर्ष का स्वागत करते हुए साथ उम्मीदों और यादों को सोशल मीडिया मंच पर साझा किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने कई चोटों और खराब फॉर्म के साथ चुनौतीपूर्ण साल 2023 के बावजूद, नई चुनौतियों का स्वागत किया और कहा कि वह एवरेस्ट जैसी अपनी अंतिम चुनौती के लिए तैयार हैं।

सिंधु ने कहा, “पेरिस 2024 मेरी अंतिम चुनौती है। यह माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने के जैसा है। पीवी सिंधु ने अमेरिकी लेखक मार्क ट्वेन के प्रसिद्ध कोट का उदाहरण देते हुए कहा: ‘अपने संदेह से ज्यादा अपनी इच्छा पर अधिक ध्यान केंद्रित करें और आपका सपना खुद का ख्याल रखेगा।” उन्होंने लिखा, “महिला बैडमिंटन के स्वर्ण युग में, तीसरा ओलंपिक पदक हासिल करना मेरी अंतिम चुनौती है – सच कहूं तो, यह अब तक की मेरी सबसे बड़ी चुनौती है। मैं हमेशा की तरह केंद्रित हूं; निश्चिंत रहें, आग पहले से कहीं अधिक भड़क उठी है!”

दो बार की विश्व चैंपियन और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता निकहत ज़रीन हांगझोऊ में एशियन गेम्स 2023 में स्वर्ण पदक से चूक गईं। हालांकि, उन्होंने उसी प्रतियोगिता में कांस्य पदक के साथ भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सभी यादों, सबक, उतार-चढ़ाव, असफलताओं और हर चीज के लिए धन्यवाद।”

भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि नया साल नए सपनों को साकार करने का मौका होगा। वहीं, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की प्रेसिडेंट पूर्व धाविका पीटी उषा ने साल 2024 के महत्व पर प्रकाश डाला। तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, “नया साल नए सपनों को लिखने और मौजूदा सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध होने का एक अच्छा समय है। हमारे सभी सकारात्मक विचार उन लक्ष्यों में प्रकट हों जो हम चाहते हैं।

सभी को सुखी एवं संतुष्टिदायक नववर्ष 2024 की शुभकामनाएं।” भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक चैंपियन अभिनव बिंद्रा ने आधुनिक ओलंपिक खेलों के जनक, फ्रांसीसी पियरे डी कूपर्टिन के जन्मदिन को याद किया, जिनका जन्म एक जनवरी, 1863 को पेरिस में हुआ था। इस बीच, लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपना और अपने पति पारुपल्ली कश्यप को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए एक वीडियो साझा किया।

ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह और एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने भी 2024 की शुरुआत के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं साझा कीं। मुक्केबाज मैरी कॉम ने एक्स पर लिखा, “प्रिय सभी को नया साल मुबारक हो। आइए आशा करें और 2024 को एक बेहतर वर्ष बनाएं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें