Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

India में वनडे World Cup में खेलना चाहते हैं Trent Boult

May 9, 2023

India में वनडे World Cup में खेलना चाहते हैं Trent Boult

जयपुरः ट्रेंट बोल्ट ने न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ अनुबंध से बाहर रहने का फैसला किया है लेकिन इस तेज गेंदबाज की दिली इच्छा है कि वह इस साल के आखिर में भारत में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप में अपनी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनें। बोल्ट अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने और विश्वभर में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने के लिए पिछले साल अगस्त में न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुबंध से बाहर हो गए थे। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी को पिछले साल टी20 विश्व कप के बाद टीम में नहीं चुना गया क्योंकि चयनकर्ताओं ने अनुबंधित खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी।

बोल्ट ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा,‘‘ मेरी अब भी दिली इच्छा है कि मैं न्यूजीलैंड की तरफ से क्रिकेट खेलूं। मैं भाग्यशाली रहा कि मुझे न्यूजीलैंड की तरफ से 13 साल तक खेलने का मौका मिला। मेरी अब भी विश्वकप में खेलने की दिली इच्छा है।’’ न्यूजीलैंड 2019 में विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ खिताब जीतने से चूक गया था लेकिन बोल्ट का मानना है कि भारत में अक्टूबर-नवंबर में होने वाली इस प्रतियोगिता में उनकी टीम चैंपियन बन सकती है।

उन्होंने कहा, कि ‘ मुझे याद है कि 2019 के फाइनल के बाद मैंने केन (विलियमसन) से कहा था कि हमें भारत में 2023 में फिर से इस मुकाम पर पहुंचना है। यह दुखद है कि उसका घुटना चोटिल हो गया है लेकिन वह विश्वकप तक फिट होने के लिए अपनी तरफ से पूरे प्रयास करेगा। यह इतना शानदार टूर्नामेंट है और मैं निश्चित तौर पर इसका हिस्सा बनना चाहूंगा।’’ विलियमसन आईपीएल के शुरू में चोटिल हो गए थे और उनका विश्वकप में खेलना संदिग्ध है। बोल्ट ने कहा,‘‘ वनडे में हमारी टीम शानदार है और हमारे पास कुछ बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं जिन्हें भारत में खेलने का काफी अनुभव है जो विश्वकप में काम आएगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें