Site icon Dainik Savera Times

IPL 2026 के लिए RR के कैंप में हुई वैभव सूर्यवंशी की एंट्री, ट्रॉफी जीतने की जताई बड़ी इच्छा

Vaibhav Sooryavanshi

Vaibhav Sooryavanshi

Vaibhav Sooryavanshi : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है और सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। इसी बीच राजस्थान रॉयल्स के कैंप से एक अहम खबर सामने आई है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी टीम के साथ जुड़ गए हैं और आगामी सीजन के लिए अभ्यास शुरू कर दिया है।

राजस्थान के लिए ट्रॉफी जीतना है लक्ष्य

राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी एक डायरी में अपनी इच्छा लिखते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पहले उन्होंने आईपीएल में शतक और वर्ल्ड कप जीतने की इच्छा लिखी, लेकिन बाद में उसे काटकर ‘आईपीएल ट्रॉफी’ लिख दिया। इससे साफ है कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स को चैंपियन बनाना है।

 

ये भी पढ़ें :

शानदार फॉर्म में हैं युवा बल्लेबाज

वैभव सूर्यवंशी इन दिनों बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम की सफलता में अहम योगदान दिया था। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों में 175 रन की शानदार पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 15 छक्के भी निकले थे। अब वह इसी प्रदर्शन को आईपीएल में भी दोहराने की कोशिश करेंगे।

डेब्यू सीजन में ही बनाया रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में पदार्पण किया था और अपने पहले ही साल में इतिहास रच दिया। वह महज 14 साल 23 दिन की उम्र में लीग में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। जयपुर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने 38 गेंदों में 101 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक पूरा किया, जो आईपीएल के इतिहास के सबसे तेज शतकों में से एक है। उस पारी में उन्होंने 11 छक्के लगाए थे।

पिछले सीजन में वैभव को 7 मैच खेलने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने 7 पारियों में लगभग 36 की औसत से 252 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी की खास बात यह रही कि उन्होंने चौकों से ज्यादा छक्के लगाए।

ये भी देखें :

अब आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स को इस युवा बल्लेबाज से काफी उम्मीदें होंगी और वैभव भी टीम को खिताब दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।

Exit mobile version