Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बने

July 4, 2026

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर बने

मैनचेस्टर: महज 15 साल 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है। वैभव इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर टॉस से पहले तिलक वर्मा ने वैभव को कैप सौंपी। वैभव सूर्यवंशी को संजू सैमसन के स्थान पर प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है।

इसी के साथ बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने शेफाली वर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिन्होंने 15 साल और 239 दिन की उम्र में भारत की तरफ से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था। वहीं, पुरुषों में सचिन तेंदुलकर ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था। वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए 16 मुकाबलों में 48.50 की औसत के साथ 776 रन बनाए थे।

अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 15 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ वैभव ने 175 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। वह न सिर्फ फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे, बल्कि उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी चुना गया था। हाल ही में श्रीलंका-ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में वैभव ने महज 11 गेंदों में ‘लिस्ट-ए’ क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया था।

 

हम पहले बल्लेबाजी करेंगे- श्रेयस अय्यर

शनिवार को मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “हम फिर से पहले बल्लेबाजी करेंगे। टीम में एक बदलाव है। संजू की जगह वैभव आए हैं। आपने पिछले कुछ महीनों में देखा होगा कि वह कैसी बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुझे लगता है कि वह पूरी तरह से टीम में जगह पाने के हकदार हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो बिल्कुल भी दबाव नहीं लेते। उनका स्वभाव बहुत शांत और स्थिर है। उन्हें अच्छी तरह पता है कि आगामी मुकाबलों में क्या होने वाला है। नेट्स में जिस तरह से वह बैटिंग करते हैं और गेंदबाजों का सामना करते हैं, उससे पता चलता है कि वह किस तरह के खिलाड़ी हैं।

आप कॉम्पिटिशन देखिए, हर मैच के साथ… भारत में जिस तरह का टैलेंट सामने आ रहा है, उसे देखकर अच्छा लगता है। इससे हम हमेशा सतर्क रहते हैं। मुझे लगता है कि दबाव महसूस करना एक सौभाग्य की बात है।” दोनों देशों के बीच पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 189 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद बारिश के चलते इंग्लैंड की बल्लेबाजी नहीं हो सकी।

प्लेइंग 11

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के साथ यह मैच खेल रही है। वहीं, इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कुरेन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग मौजूद हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें