Site icon Dainik Savera Times

Virat Kohli के पास इतिहास रचने का बड़ा मौका, ऐसा करने वाले बन सकते हैं पहले बल्लेबाज

Virat Kohli

Virat Kohli

Virat Kohli: विराट कोहली सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के ही किंग नहीं हैं। दुनिया की सबसे लोकप्रिय और सर्वश्रेष्ठ टी20 लीग आईपीएल में भी उनके सामने कोई भी बल्लेबाज नहीं ठहरता है। आईपीएल के हर सीजन में कोई न कोई रिकॉर्ड बनाने वाले कोहली आगामी सीजन में भी एक अनोखी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। विराट कोहली अगर आईपीएल के आगामी सीजन में 339 रन और बना लेते हैं, तो उनके कुल रनों की संख्या 9,000 हो जाएगी और लीग के इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले वह पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

पिछले 3 सीजन का रिकॉर्ड
कोहली का पिछले तीन सीजन में औसत 53 से ऊपर रहा है। ऐसे में पूरी संभावना है कि आईपीएल 2026 में वह 9,000 रनों का आंकड़ा छू लेंगे। विराट ने साल 2023 में 53.25 की औसत से 639, 2024 में 61.75 की औसत से 741, और 2025 में 54.75 की औसत से 657 रन बनाए थे। कोहली के 2025 में किए गए प्रदर्शन का आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम योगदान रहा था।

ये भी पढ़ें- CSK के लिए खास हैं सैमसन, टीम को मिलेगा संतुलन और लचीलापन: अनिल कुंबले

 

विराट के नाम दर्ज है ये रिकॉर्ड
2008 से आरसीबी के लिए खेल रहे विराट ने 267 मैचों में 39.55 की औसत और 132.86 की स्ट्राइक रेट से 8 शतक और 63 अर्धशतक लगाते हुए 8,661 रन बनाए हैं। विराट लीग में 8,000 रन पूरा करने वाले भी एकमात्र बल्लेबाज हैं। साथ ही, लीग में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड भी उनके नाम ही है।

अन्य सफल बल्लेबाजों का रिकॉर्ड
लीग के दूसरे सफल बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। रोहित ने 272 मैचों की 267 पारियों में 2 शतक और 47 अर्धशतक लगाते हुए 7,046 रन बनाए हैं। शतक के मामले में जोस बटलर दूसरे नंबर पर हैं। इंग्लैंड के इस पूर्व कप्तान के नाम आईपीएल में 7 शतक हैं। बटलर के पास इस सीजन शतकों के मामले में कोहली से आगे निकलने का मौका होगा।

ये भी पढ़ें- Kuldeep Yadav ने सोशल मीडिया पर शेयर की खूबसूरत तस्वीरें, पत्नी के लिए लिखा ये खास मैसेज

RCB और SRH के बीच खेला जाएगा पहला मुकाबला
विराट अंतरराष्ट्रीय टी20 से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में इस फॉर्मेट में उन्हें देखने का एकमात्र जरिया आईपीएल है। इसलिए विराट के फैंस आईपीएल के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आईपीएल 2026 का पहला ही मुकाबला आरसीबी और एसआरएच के बीच 28 मार्च को खेला जाना है।

Exit mobile version