Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

Virat Kohli ने एक बड़ा रिकॉर्ड हासिल कर लिया है, कोई भी इसके करीब नहीं आ सकता : Gundappa Viswanath

November 18, 2023

Virat Kohli ने एक बड़ा रिकॉर्ड हासिल कर लिया है, कोई भी इसके करीब नहीं आ सकता : Gundappa Viswanath

नई दिल्लीः भारत के महान क्रिकेटर गुंडप्पा विश्वनाथ का मानना है कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 50वां वनडे शतक जड़कर एक ऐसा कीर्तिमान बना दिया है कि कोई भी दूर दूर तक इस उपलब्धि के करीब नहीं पहुंच सकता। कोहली ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में 117 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर के वनडे में 49 शतक की उपलब्धि को पीछे छोड़ दिया और भारत को 2011 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचा दिया।

विश्वनाथ ने कहा, कि ‘कुछ समय पहले मैंने कहा था कि अगर कोई सचिन के शतकों के करीब पहुंच सकता है तो वो कोहली ही होगा। मैंने उम्मीद नहीं की थी कि वह इस रिकॉर्ड को भी तोड़ देगा।’’ उन्होंने कहा, कि ‘वह इतना निरंतर है कि जरा देखिये सब उसके शतकों के बारे में बात कर रहे हैं लेकिन उसने जिस तरह से 70 और 80 के करीब रन बनाये, यह उसकी निरंतरता है। वह जिस तरह से क्रिकेट खेलता है, उसे देखकर लगता है कि अभी उसमें काफी क्रिकेट बचा है। ’’

विश्वनाथ ने कहा, कि ‘ऐसे ज्यादा खिलाड़ी नहीं हैं जो उनके करीब पहुंच सकते हैं, भले ही रोहित शर्मा के 30 से ज्यादा शतक हों, लेकिन उन्हें उनके करीब पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना होगा। मैं किसी को उनके करीब आते हुए नहीं देख सकता। उन्होंने सचिन से एक शतक ज्यादा जड़कर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।’’ कोहली के वनडे में 50 शतक के अलावा टेस्ट में 29 सैकड़े हैं और टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक शतक है जिससे उनका 100 से ज्यादा का स्कोर 80 है। सेमीफाइनल में कोहली एक विश्व कप में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गये जबकि अभी फाइनल बचा है।

विश्वनाथ ने कहा, कि ‘मैं उनकी तुलना सचिन से नहीं कर रहा हूं क्योंकि दोनों ही अलग तरह के खिलाड़ी हैं, इसमें कोई तुलना नहीं है लेकिन दोनों ही महान हैं, पूरी तरह से दिग्गज। सबसे अच्छी बात है कि वे जानते हैं कि वे क्या कर रहे हैं। सचिन जानते थे कि वह क्या कर रहे थे और कोहली ने कहा है कि वह मेरे गुरू हैं और वह उनके रास्ते पर चल रहे हैं। ’’उन्होंने कहा, कि ‘कोहली की बल्लेबाजी अद्भुत है। ’’ तेंदुलकर ने वनडे में 49 शतक और टेस्ट में 51 सैकड़े बनाये हैं और वह अभी तक एकमात्र बल्लेबाज हैं जिनके नाम पर शतकों का शतक है।

विश्वनाथ ने कहा, कि ‘यह टीम के लिए फायदेमंद है। एमएस धोनी कप्तान थे और वह डीआरएस फैसलों में ज्यादातर समय सही होते थे लेकिन यहां राहुल विकेटकीपर है और रोहित कप्तान। रोहित हमेशा गेंद की लाइन में नहीं होता जिससे उसे राहुल की मदद लेनी पड़ती है जो बिलकुल सही राय देते हैं। यह अच्छी चीज है। ’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें