Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

विराट कोहली ने बताई अपनी कमजोरी, बोले- इस शॉट को खेलना है मुश्किल

February 25, 2025

विराट कोहली ने बताई अपनी कमजोरी, बोले- इस शॉट को खेलना है मुश्किल

Virat Kohli weakness: भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने स्वीकार किया कि उनका ‘ट्रेडमार्क’ कवर ड्राइव उन्हें मुश्किल स्थिति में डालता है। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ यादगार नाबाद शतकीय पारी खेली, जिससे भारत ने 6 विकेट से जीत हासिल की। उनकी 111 गेंद की पारी में काफी कवर ड्राइव शॉट शामिल थे और इसी शॉट की वजह से हाल में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई थी, लेकिन यह अब भी उनके तरकश का अहम हथियार बना हुआ है।

कोहली ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा पोस्ट किए वीडियो में कहा, ‘यह एक मुश्किल स्थिति है। यह कवर ड्राइव पिछले कुछ वर्षों में मेरी कमजोरी भी रही है लेकिन मैंने इस शॉट पर बहुत रन बनाए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि आज का मैच सिर्फ अपने शॉट्स पर ध्यान देने के बारे में था और मुझे लगता है कि मैंने जो पहली 2 बाऊंड्री लगाईं, वे कवर ड्राइव पर थीं। इसलिए मुझे इसे थोड़ा जोखिम लेना पड़ा और अपने शॉट्स को आगे बढ़ाना पड़ा।’ कोहली ने कहा, ‘क्योंकि जब मैं इस तरह के शॉट लगाता हूं तो मैं नियंत्रण महसूस करता हूं। इसलिए यह मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से एक अच्छी पारी थी और यह शानदार जीत थी।’

बीसीसीआई अधिकारियों ने कहा, कोई भी कोहली की तरह दबाव नहीं झेल सकता
पूर्व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर प्रशंसा करते कहा कि अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने दबाव में असाधारण धैर्य का शानदार परिचय दिया। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर ने कहा, ‘विराट कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान दिखाया कि दबाव कैसे झेलना होता है और देश के लिए कैसे खेलना है। अपनी बेहतरीन पारियों के जरिए विराट ने कई लोगों का दिल और देश के लिए मैच जीते हैं।’

शुक्ला ने कहा, ‘कोहली का शतक शानदार था। जिस तरह से उन्होंने अपना शतक बनाया। जिस तरह से उन्होंने भारतीय टीम को स्थिरता प्रदान की, वह कोई नहीं कर सकता।’ आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा, ‘पूरा देश विराट के शतक का इंतजार कर रहा था। उन्होंने आज जिस तरह से बल्लेबाजी की वह देखने लायक शानदार पारी थी। आईसीसी की प्रतियोगिताओं में भारत के अच्छे प्रदर्शन में आईपीएल ने अहम भूमिका निभाई है।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें