Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

रदरफोर्ड-होल्डर ने पलटा मैच, वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर जीता तीसरा टी20

June 15, 2026

रदरफोर्ड-होल्डर ने पलटा मैच, वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर जीता तीसरा टी20

वेस्टइंडीज ने रोमांच से भरपूर तीसरे टी20 मुकाबले में सोमवार को श्रीलंका को 5 विकेट से हराया। किंग्स्टन के सबीना पार्क में कैरेबियाई टीम ने श्रीलंका से मिले 170 रनों के लक्ष्य को 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया।

श्रीलंका से मिले 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। शाई होप गोल्डन डक पर पवेलियन लौटे। इसके बाद ब्रैंडन किंग को वानिंदु हसरंगा ने 16 रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। अकीम ऑगस्टे बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज एक रन बनाकर आउट हुए। शिमरोन हेटमायर ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए, लेकिन वह अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 19 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए।

53 रनों के स्कोर पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में दिख रही वेस्टइंडीज की पारी को रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड ने संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 52 गेंदों में 81 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। पॉवेल 27 गेंदों में 33 रन बनाने के बाद दुष्मंत चमीरा की गेंद पर हसरंगा को कैच देकर पवेलियन लौटे। हालांकि, रदरफोर्ड एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 40 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेली।

ये भी पढ़ें–  https://dainiksaveratimes.com/sports/harmanpreet-kaur-said-richa-ghosh-role-team-playing-well/

रदरफोर्ड ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, अंत के ओवरों में जेसन होल्डर ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 5 गेंदों में 21 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर लौटे। आखिरी के 2 ओवरों में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 29 रनों की दरकार थी, लेकिन होल्डर और रदरफोर्ड ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए टीम को दो गेंद शेष रहते हुए ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा ने 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए, तो दुनिथ वेल्लालगे, चमीरा और महेश तीक्षणा ने एक-एक विकेट निकाला।

इससे पहले, श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में 169 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की ओर से दुनिथ वेल्लालगे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। वहीं, कामिल मिशारा ने 28 रनों का योगदान दिया, जबकि पथुम निसांका ने 17 गेंदों में 26 रन बनाए।

वहीं, कामिंदु मेंडिस ने 20 रन बनाए। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की तरफ से शेमार जोसेफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट निकाले। अकील हुसैन, जेसन होल्डर, रोस्टन चेज और मैथ्यू फोर्डे ने एक-एक विकेट झटका। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की टी20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें