Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

नूर को अनुभव मिलेगा, तब वह राशिद जितने बेहतर हो जाएंगे : अभिनव मनोहर

April 26, 2023

नूर को अनुभव मिलेगा, तब वह राशिद जितने बेहतर हो जाएंगे : अभिनव मनोहर

अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज अभिनव मनोहर ने कहा है कि नूर अहमद को जब और अनुभव मिल जाएगा तो वह राशिद खान जितने बेहतर हो जाएंगे। 18 वर्षीय अफगान स्पिनर नूर ने मुम्बई इंडियंस के खिलाफ गुजरात की 55 रन की जीत में शानदार प्रदर्शन किया। नूर का यह 50वां टी 20 मैच था। उन्होंने दो गेंदों के अंतराल में कैमरून ग्रीन और टिम डेविड के विकेट लिए। उन्होंने अपने स्पैल की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को भी आउट किया।

नूर के अलावा सीनियर लेग स्पिनर राशिद भी मुम्बई के खिलाफ प्रभावशाली थे। उन्होंने 2/27 का आंकड़ा दर्ज किया। अफगान जोड़ी की सराहना करते हुए मनोहर ने स्वीकार किया कि राशिद और नूर को नेट्स में पढ़ना भी मुश्किल है।

प्लेयर ऑफ द मैच बने मनोहर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘राशिद और नूर को नेट्स में पढ़ना बहुत मुश्किल है। डेढ़ साल हो गया है मैं अभी तक नूर को नेट्स में नहीं पढ़ पाया हूं। मुझे विश्वास है कि किसी अन्य टीम के अन्य बल्लेबाज के लिए उन्हें पढ़ना और भी मुश्किल होगा। उन्हें अभी पर्याप्त अनुभव नहीं हुआ है, जैसे ही उन्हें मैचों को खेलने का पर्याप्त अनुभव हो जाएगा वह राशिद खान जितने बेहतर हो जाएंगे।’’ अपनी बल्लेबाजी के लिए उन्होंने कहा,‘‘मैं आज इस तरह की पारी खेलकर बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि मैं बचपन से ही गेंद को बहुत अच्छा टाइम कर पाता था। मैं इस मैच में परिस्थिति के हिसाब से खेलना चाहता था। जब भी मौका मिले शॉट लगाना चाहता था और मैं इसमें कामयाब रहा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें